गिरिडीह में नक्सलियों के ठिकाने पर छापा, हथियार और विस्फोटक बरामद
Giridih Naxal raid गिरिडीह:नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। मधुबन थाना क्षेत्र के सतकीरा और पारसनाथ की पहाड़ियों में संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों के ठिकाने से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
मधुबन थाना क्षेत्र में नक्सलियों का ठिकाना पकड़ा गया
पुलिस और CRPF की 203 और 154 बटालियन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर जोकाई नाला और चीरवाबेड़ा इलाके में अभियान चलाया। सघन सर्चिंग और छापेमारी में नक्सलियों के कई ठिकानों का पर्दाफाश किया गया।
बरामदगी में शामिल हथियार और विस्फोटक सामग्री
इस कार्रवाई में एक एसएलआर राइफल, एक 3.3 राइफल, 113 जिंदा कारतूस, 2 मैगजीन पाउच, करीब 700 मीटर कोडेक्स वायर और 23 डेटोनेटर बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य उपकरण और विस्फोटक सामग्री भी मिली है।
पुलिस और CRPF के अधिकारीयों की संयुक्त प्रेस वार्ता
बरामदगी के बाद गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और CRPF कमांडेंट ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। एसपी ने कहा कि जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक अभियान सुरजीत कुमार, डिप्टी कमांडेंट CRPF 154 बटालियन अमित कुमार झा, असिस्टेंट कमांडेंट कोबरा 203 वैभव मल्होत्रा, पु.नि. पिंटु शर्मा, खुखरा थाना प्रभारी निरंजन कच्छप, निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार समेत जिला पुलिस, कोबरा-203 और CRPF 154 बटालियन के जवान शामिल थे।
नक्सल उन्मूलन अभियान को और तेज किया जाएगा
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि नक्सल गतिविधियों को खत्म करने के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा। यह कार्रवाई जिले में सुरक्षा बलों की सक्रियता और नक्सलियों के खिलाफ लगातार जारी कार्रवाई का प्रतीक है।






