गुलेल गैंग की बड़ी वारदात: ट्रक चालकों को बंधक बनाकर डीजल लूटा गया
मंकी कैप पहनकर आए अपराधियों ने टंकियां तोड़ीं, विरोध करने पर चालक को पीटा
रांची: राजधानी रांची के खलारी इलाके में गुलेल गैंग ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सुभाषनगर पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे खड़े 12 ट्रकों की टंकियों का लॉक तोड़कर अपराधियों ने करीब 5000 लीटर डीजल लूट लिया। पीड़ित चालकों के अनुसार, घटना के दौरान करीब 15 से 20 की संख्या में आए अपराधी ट्रकों से डीजल निकालते समय लगातार गुलेल से पत्थर मारते रहे, ताकि कोई चालक विरोध न कर सके।
जैसे ही एक ट्रक चालक ने विरोध किया, गैंग के सदस्यों ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। वहीं, एक अन्य चालक जब ट्रक लेकर वहां से भागने लगा, तो अपराधियों ने उस पर रिवॉल्वर तान दी। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
10 दिनों में तीसरी बड़ी वारदात
ट्रक चालकों और स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले 10 दिनों में इस तरह की यह तीसरी घटना है। अपराधी हमेशा मंकी कैप पहनकर आते हैं और चारपहिया वाहनों से वारदात को अंजाम देते हैं, जिससे उनकी पहचान CCTV फुटेज में भी नहीं हो पाती। पीड़ित चालकों ने बताया कि यह गैंग पिछले साल भी सक्रिय था और दुर्गा पूजा के दौरान डीजल लूट की कई घटनाएं हुई थीं।
अपराधियों की करतूत का पैटर्न एक जैसा
गैंग का तरीका लगभग एक जैसा रहता है— देर रात सुनसान इलाकों में सड़क किनारे खड़े ट्रकों की टंकियां तोड़ना, गुलेल से डराना, और विरोध करने पर मारपीट करना। चालकों का कहना है कि अपराधी 2-3 चारपहिया वाहनों से आते हैं और 10-15 मिनट में लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं।
ट्रक मालिकों में नाराजगी, पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग
ट्रक ओनर एसोसिएशन के प्रशांत दुबे ने बताया कि गुलेल गैंग की बढ़ती वारदातों से ट्रक मालिकों में भारी नाराजगी है। उन्होंने खलारी थाना पुलिस से रात के समय गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। दुबे ने कहा कि अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ट्रांसपोर्टरों में आक्रोश बढ़ेगा और आंदोलन की स्थिति भी बन सकती है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी की गई। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और स्थानीय सुरागों के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुटी है। पुलिस का कहना है कि गैंग का जल्द ही पर्दाफाश किया जाएगा।







