लातेहार में TSPC पर बड़ा वार: 50 हजार का इनामी आदेश गंझू समेत 3 नक्सली हथियारों के साथ गिरफ्तार

Latehar News

लातेहार: नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में लातेहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने टीएसपीसी से जुड़े तीन नक्सलियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदेश गंझू, उज्ज्वल कुमार और सुभाष कुमार शामिल हैं, जो चतरा जिले के टंडवा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, 35 गोलियां, उग्रवादी पर्चे, दस्तावेज और डायरी बरामद की है। गिरफ्तार आदेश गंझू पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

गुप्त सूचना पर पुलिस की घेराबंदी
लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि आदेश गंझू के नेतृत्व में एक नक्सली दस्ता बरियातू थाना क्षेत्र के पकरुआ जंगल में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना मिलते ही डीएसपी विनोद रवानी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर इलाके में छापेमारी शुरू की गई।

पुलिस टीम के पहुंचते ही अपराधी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीन नक्सलियों को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान हथियार और उग्रवादी सामग्री बरामद हुई।

अलग-अलग संगठनों के नाम पर चलाता था नेटवर्क
एसपी कुमार गौरव के अनुसार, आदेश गंझू जेल से निकलने के बाद कुछ अपराधियों को जोड़कर अलग-अलग नक्सली संगठनों के नाम पर क्षेत्र में लेवी वसूली और फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ लातेहार, चतरा, हजारीबाग और रांची जिलों के कई थाना क्षेत्रों में लेवी मांगने और धमकी देने के 21 से अधिक मामले दर्ज हैं।

munadi live whattsapp banne.jpg

कई जिलों में सक्रिय था गिरोह
पुलिस के मुताबिक, आदेश गंझू और उसके सहयोगी बालूमाथ, बरियातू, टंडवा, लावालौंग, गिद्धौर, सिमरिया, केरेडारी, खलारी और मैक्लुस्कीगंज क्षेत्रों में सक्रिय थे। लंबे समय से पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी।

resizone elanza

Telegram channel

छापेमारी टीम को मिलेगा रिवॉर्ड
एसपी ने बताया कि इस कार्रवाई में शामिल पुलिसकर्मियों को रिवॉर्ड देने की अनुशंसा की जाएगी। टीम में डीएसपी विनोद रवानी, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, बरियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *