mela

दुमका में ACB की बड़ी कार्रवाई: सरैयाहाट अंचल कार्यालय का प्रभारी प्रधान लिपिक 5 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Dumka ACB Bribe Case

दुमका: झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने दुमका जिले के सरैयाहाट अंचल कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर भूमि विवाद से जुड़े मामले में जांच रिपोर्ट भेजने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

भूमि विवाद की जांच रिपोर्ट भेजने के बदले मांगी रिश्वत
एसीबी के अनुसार, सरैयाहाट थाना क्षेत्र के संतलेहटी गांव निवासी दीपक दास ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दुमका अनुमंडल पदाधिकारी की अदालत में लंबित भूमि विवाद वाद संख्या 534/2025 की जांच रिपोर्ट भेजने के एवज में प्रभारी प्रधान लिपिक आनंद कुमार भारद्वाज उनसे 5 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहे थे। शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पूरे मामले का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए।

जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोचा
सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर एसीबी ने दुमका थाना कांड संख्या-06/26 दर्ज कर विशेष ट्रैप टीम का गठन किया। बुधवार को टीम ने योजनाबद्ध तरीके से सरैयाहाट अंचल कार्यालय में छापेमारी की और शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए आनंद कुमार भारद्वाज को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के तुरंत बाद एसीबी की टीम आरोपी को अपने साथ लेकर चली गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

Adiwasi Mahotsav

रिपोर्ट आगे बढ़ाने के लिए मांगे थे पैसे
शिकायत के अनुसार, अनुमंडल पदाधिकारी के निर्देश पर संबंधित भूमि की जांच रिपोर्ट तैयार कर भेजने की जिम्मेदारी प्रभारी प्रधान लिपिक को सौंपी गई थी। जब शिकायतकर्ता ने रिपोर्ट की प्रगति के बारे में जानकारी ली, तो आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि 5 हजार रुपये मिलने के बाद ही रिपोर्ट आगे भेजी जाएगी।

Maa RamPyari Hospital

munadi live whattsapp banne.jpg

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई
एसीबी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार भारद्वाज वर्तमान में सरैयाहाट अंचल कार्यालय में प्रभारी प्रधान लिपिक के पद पर कार्यरत हैं। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *