रांची रथ यात्रा 2026: 16 से 25 जुलाई तक ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव, जानिए कौन-से रास्ते रहेंगे बंद

Ranchi Rath Yatra Traffic Plan 2026

रांची: राजधानी रांची में भगवान जगन्नाथ की ऐतिहासिक रथ यात्रा और घुरती मेला को लेकर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 16 जुलाई से 25 जुलाई 2026 तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही में बदलाव रहेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन, नो-एंट्री और पार्किंग की विस्तृत व्यवस्था की गई है। रांची ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को रथ यात्रा और 25 जुलाई को रथ वापसी (घुरती मेला) के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

कहां होगी पार्किंग?
यातायात पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं।

  • बिरसा चौक से आने वाले वाहन – शहीद मैदान में पार्क होंगे।
  • तुपुदाना, हटिया और धुर्वा से आने वाले वाहन – प्रभात तारा मैदान में पार्किंग करेंगे।
  • रिंग रोड से आने वाले वाहन – तिरिल मोड़, नॉर्थ गेट, प्रभात तारा मैदान और शालीमार बाजार होकर गुजरेंगे।
  • तिरिल मोड़ हेलिपैड पर भी अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

इन मार्गों पर रहेगा नो-एंट्री
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार निम्न मार्गों पर कार, ऑटो, बाइक और अन्य छोटे वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा—

  • तिरिल मोड़ से मौसीबाड़ी गोलचक्कर
  • शहीद मैदान से मौसीबाड़ी गोलचक्कर
  • प्रभात तारा मैदान के मुहाने से जगन्नाथपुर बाजार तक

रूट डायवर्जन की व्यवस्था
बिरसा चौक से रिंग रोड जाने वाले वाहन सिंह मोड़, चांदनी चौक, धुर्वा गोलचक्कर और वीर कुंवर सिंह चौक होकर जाएंगे।

  • एचईसी और विधानसभा क्षेत्र से रिंग रोड जाने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।
  • रिंग रोड से शहर आने वाले वाहन धुर्वा गोलचक्कर, चांदनी चौक, सिंह मोड़ और बिरसा चौक होकर शहर में प्रवेश करेंगे।
munadi live whattsapp banne.jpg

ट्रैफिक पुलिस की अपील
ट्रैफिक एसपी राकेश कुमार सिंह ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अनावश्यक वाहन लेकर न जाएं। आवश्यकता पड़ने पर ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है। रांची ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि नियमों का पालन करने से रथ यात्रा और घुरती मेला शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *