Durga Puja
tulsyan

महाशिवरात्रि पर पहाड़ी मंदिर से निकलेगी भव्य शिव बारात, सीएम हेमंत सोरेन करेंगे शुभारंभ

Shiv Barat

रांची: महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर से रविवार दोपहर तीन बजे भव्य शिव बारात निकाली जाएगी। श्री शिव बारात का आयोजन आयोजन महासमिति द्वारा किया जा रहा है, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन दीप प्रज्वलित कर बारात को रवाना करेंगे। इस मौके पर सुबोधकांत सहाय, विधायक सीपी सिंह, कुणाल अजमानी, राजेश साहू और बादल सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

आयोजन समिति के प्रवक्ता बादल सिंह ने बताया कि इस वर्ष भगवान शिव “कर्पूरगौरं करुणावतारं” स्वरूप में भूत-प्रेतों की टोली के साथ बारात में शामिल होंगे। 51 माताएं दूल्हे के रूप में सजे भोलेनाथ का परछन और दिव्य आरती करेंगी। शिव बारात में राम-लक्ष्मण-सीता, राधा-कृष्ण और मां दुर्गा की आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेंगी।

शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेगी बारात
शिव बारात पहाड़ी मंदिर मुख्य द्वार से शुरू होकर शनि मंदिर अपर बाजार, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, गांधी चौक, महावीर चौक और रातू रोड होते हुए पिस्का मोड़ स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। वहां सनातन विधि-विधान से भगवान शिव का विवाह संपन्न कराया जाएगा।

shrawani mela

तांडव नृत्य, छऊ और ताशा पार्टी होंगे आकर्षण
इस वर्ष शिव बारात को पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया गया है और देशभर से कलाकार इसमें भाग लेंगे। शिव तांडव, 21 बालिकाओं द्वारा काली तांडव, अघोरियों का तांडव नृत्य, भजन संध्या, छऊ नृत्य, डीजे और झारखंड की प्रसिद्ध ताशा पार्टी कार्यक्रम की मुख्य झलकियां होंगी। इसके अलावा राधा-कृष्ण का प्रेम नृत्य भी प्रस्तुत किया जाएगा। बारात में पांच रथ घोड़ा सारथियों के साथ चलेंगे और करीब 20-21 वाहनों को फूलों से सजाया जाएगा।

happy Teacher Day

आयोजन महासमिति द्वारा ‘हर घर शिव’ कार्यक्रम भी चलाया जा रहा है। संरक्षक जितेंद्र सिंह ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

resizone-elanza
rlifecare

सुरेश्वर महादेव मंदिर में हल्दी और मेहंदी की रस्म
इससे पहले सुरेश्वर महादेव मंदिर में शुक्रवार को बाबा भोलेनाथ को पारंपरिक रीति-रिवाज से हल्दी चढ़ाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और बाबा का भव्य श्रृंगार कर विधिवत आरती की गई। शनिवार को मेहंदी की रस्म अदा की जाएगी, जबकि 15 फरवरी को शिव बारात चुटिया स्थित श्री राम मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि में शुभ विवाह का आयोजन किया जाएगा।

महाशिवरात्रि को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और प्रशासन भी सुरक्षा एवं ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *