कोलकाता रैली में पीएम मोदी का बड़ा हमला, बोले– घुसपैठियों की रक्षा के लिए SIR का विरोध
मुनादी लाइव : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। भारी भीड़ को देखकर उत्साहित पीएम मोदी ने कहा कि जनता का जोश बता रहा है कि बंगाल अब बदलाव चाहता है।
भीड़ देखकर गदगद हुए पीएम मोदी
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिगेड मैदान में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि राज्य की जनता आने वाले समय में बड़ा फैसला लेने के मूड में है।
उन्होंने कहा,
“आपका उत्साह और जोश बता रहा है कि बंगाल अभी क्या सोच रहा है।”
ब्रिगेड मैदान के इतिहास का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में ब्रिगेड परेड ग्राउंड के ऐतिहासिक महत्व का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस मैदान से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उठी आवाज ने पूरे देश में क्रांति की लहर पैदा की थी।
पीएम ने कहा कि उसी संघर्ष का परिणाम था कि भारत को अंग्रेजों के अत्याचार और लूट से मुक्ति मिली।
SIR मुद्दे पर ममता सरकार पर हमला
प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के मुद्दे पर भी ममता सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में घुसपैठियों की रक्षा के लिए SIR का विरोध किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल की स्थिति ऐसी बनाई जा रही है कि बंगाली हिंदुओं को अल्पसंख्यक बनाने की कोशिश हो रही है, जो राज्य के भविष्य के लिए चिंता का विषय है।
विकास और सुशासन का मुद्दा उठाया
रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता विकास, पारदर्शिता और सुशासन चाहती है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार बंगाल के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और राज्य को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
ब्रिगेड मैदान की यह रैली पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक अहम राजनीतिक संदेश के रूप में देखी जा रही है, जहां से भाजपा ने आगामी चुनावों के लिए अपनी रणनीति का स्पष्ट संकेत दिया है।






