22 जुलाई को वोटर लिस्ट पर लगेगी अंतिम मुहर! छूटे तो 5 अगस्त की सूची से हो सकते हैं बाहर

Jharkhand SIR 2026 Enumeration Form

रांची: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा है कि राज्य में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत बीएलओ (Booth Level Officer) द्वारा घर-घर जाकर लगभग 97 प्रतिशत मतदाताओं को इन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराने का कार्य समय पर पूरा कर लिया गया है। अब केवल वे मतदाता शेष हैं, जो अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, एएसडीडीएफ (ASDDF) सूची में शामिल हो सकते हैं या किसी अन्य कारण से अब तक फॉर्म प्राप्त नहीं कर सके हैं। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर भरा हुआ और हस्ताक्षरित इन्यूमरेशन फॉर्म हर हाल में जमा कर दें, ताकि डिजिटाइजेशन और सत्यापन का कार्य समय पर पूरा किया जा सके।

समय पर फॉर्म जमा करने की अपील
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि यदि मतदाता समय पर फॉर्म भरकर जमा करेंगे, तो उसमें किसी प्रकार की त्रुटि होने पर बीएलओ समय रहते सुधार भी कर सकेंगे। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिरहित बनाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म जमा होने से डिजिटाइजेशन, मतदाता विवरण का सत्यापन, एक ही परिवार के सदस्यों को एक ही मतदान केंद्र से जोड़ने की प्रक्रिया (रैशनलाइजेशन) और एएसडीडी सूची तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी निर्धारित समय पर पूरे किए जा सकेंगे।

18 और 20 जुलाई को लगेंगे विशेष कैंप
शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा के लिए 18 जुलाई और 20 जुलाई 2026 को सभी शहरी मतदान केंद्रों पर विशेष सहायता शिविर लगाए जाएंगे। यहां मतदाता अपने इन्यूमरेशन फॉर्म भरने और जमा करने में सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

22 जुलाई को होगी अंतिम बैठक
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 (BLA-2) की तीसरी और अंतिम बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में एएसडीडी सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा, जिसके बाद 5 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ इसका प्रकाशन किया जाएगा।

munadi live whattsapp banne.jpg

ऑनलाइन भी भर सकते हैं फॉर्म
जिन मतदाताओं को अभी तक इन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हुआ है, वे इसे ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके लिए मतदाता—

  • Voters Service Portal पर जाकर फॉर्म भर सकते हैं।
  • या ECINET App (Android/iOS) डाउनलोड कर ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
resizone elanza

Telegram channel

ECINET ऐप से ऐसे भरें फॉर्म
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि—

  1. ECINET ऐप खोलें।
  2. Voter Registration Form विकल्प चुनें।
  3. SIR 2026 Fill Enumeration Form Online पर क्लिक करें।
  4. मोबाइल नंबर और OTP से लॉगिन करें।
  5. अपना Voter ID Number दर्ज करें और राज्य का चयन करें।
  6. स्क्रीन पर दिख रहे आंशिक रूप से भरे फॉर्म में आवश्यक जानकारी अपडेट करें।
  7. नवीनतम फोटो अपलोड करें।
  8. OTP आधारित e-Sign से फॉर्म सत्यापित करें।

प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर कन्फर्मेशन मैसेज प्राप्त होगा।

अगस्त को प्रकाशित होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं का इन्यूमरेशन फॉर्म समय पर जमा हो जाएगा और प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, उनके नाम 5 अगस्त 2026 को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में प्रकाशित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपनी प्रक्रिया पूरी करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *