...

यशवंत सिन्हा की पार्टी अटल विचार मंच झारखंड में सभी 81 विधानसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

Yashwant Sinha AVM

हजारीबाग : एक समय में भाजपा के कद्दावर नेता व हजारीबाग से सांसद रहे यशवंत सिन्हा ने अटल विचार मंच नाम (AVM) से राजनीतिक पार्टी का गठन किया है। उन्होंने पार्टी का फार्म भरकर सबसे पहले खुद इसकी सदस्यता ली। हजारीबाग के पुराने भाजपा कार्यालय अटल भवन में अटल विचार मंच का दफ्तर खुला है। इसकी जानकारी देते हुए यशवंत सिन्हा ने प्रेसवार्ता में बताया कि अटल विचार मंच राज्य की सभी 81 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी का कार्यालय वहीं से संचालित होगा जहां पहले करीब ढाई दशक तक वे और उनके बेटे जयंत सिन्हा के कार्यकाल में भाजपा का कार्यालय संचालित हो रहा था।

हजारीबाग सीट किसी के लिए शेफ सीट नहींः यशवंत सिन्हा ने कहा कि चुनाव लड़ने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। वैसे दावेदार जो ईमानदार होंगे, उन्हें पार्टी पहले प्राथमिकता देगी। पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि हजारीबाग सीट किसी के लिए शेफ सीट नहीं है। यहां से कांग्रेस भी जीती है। इसलिए जो भी उम्मीदवार होगा उसे फिल्ड में काम करना होगा। लोगों के बीच जाना होगा। परिश्रम करना होगा।

AVM office

हर चुनाव में उम्मीदवार उतारेगी पार्टीः उन्होंने यह भी कहा कि अटल विचार मंच कोई स्वयंसेवी संगठन या चंदा वसूलने की पार्टी नहीं है। यह पूर्ण रूप से राजनीतिक पार्टी रहेगी। इसकी देश में बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चूंकि ये एक राजनीतिक दल है, इसलिए जब भी चुनाव होंगे पार्टी अपने उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतारेगी।

मित्र दल बनने के लिए AVM दरवाजा खुला रहेगाः उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई हमारा मित्र दल बनना चाहता है तो हम उसके लिए अटल विचार मंच के दरवाजे खुले हैं। मेरा मानना है कि राजनीति में कोई भी अछूत नहीं होता है। उन्होंने चुनाव लड़ने के फैसले पर कहा कि राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ने के बाद अब मेरे लिए कोई चुनाव महत्वपूर्ण नहीं है। मैं व्यक्तिगत रूप से अब कोई चुनाव नहीं लड़ूंगा। लेकिन हमारे साथी चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि पार्टी के पहले कार्यक्रम में उनकी धर्मपत्नी नीलिमा सिन्हा समेत कई पुराने भाजपा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *