हेमंत सोरेन बोले- सतर्क हो जाइए, गिद्ध मडराने लगे हैं…इन्हें गुजरात में समंदर में फेंकना है…
CM-HEMANT
कल से भाजपा परिवर्तन यात्रा करेगी, इसलिए झांसे में मत आइएगा…
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कल से शुरू हो रहे भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर बड़ा हमला बोला है। दरअसल, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखण्ड के धेनुकडीह मैदान में आयोजित आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में पहुचे लोगों से कहा कि कल यानी 20 सितंबर से भाजपा गांव-गांव, प्रखंड-प्रखंड परिवर्तन यात्रा करेगी। इसलिए सतर्क रहियेगा। विधानसभा चुनाव आते ही भाजपा हिंदू-मुस्लिम करने पर उतर आई है। चुनाव आ गया है, गिद्ध शिकार के लिए मंडराने लगा है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भाजपा संताल परगना को झारखण्ड से अलग करना चाहती है। इनका षड्यंत्र कभी पूरा नहीं होने देंगे। ऐसे लोगों को बोरे में बंद कर गुजरात के समंदर में फेंकने की जरूरत है। एक तरफ पूंजीपतियों की जमात है और दूसरी तरफ गरीब। लोकसभा में जिस तरह इन्हें झारखण्ड में सीख मिली है ऐसी ही सीख विधानसभा में भी देने की जरूरत है। जहां लोग झगड़ा करते हैं। वहीं, इनकी राजनीतिक रोटी पकती है, जहां लोग शांति से रहते हैं। वहां इनकी राजनीतिक रोटी नहीं पकती। इन्हें षड्यंत्र का मुंह तोड़ जवाब देना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा संथाल में बिहार और बंगाल की बात कर रही है। घुसपैठ की बात कर रही है। इनके झांसे में मत आइएगा। इन लोगों को आप लोगों ने लोकसभा चुनाव में छह इंच छोटा कर दिया था। इस बार विधानसभा में भी इनका वही हश्र कीजिएगा। ये लोग यहां के व्यापारियों को बोरा में भरकर के गुजरात के समंदर में फेंक देंगे। इन लोगों ने रेलगाड़ी, हवाअड्डा सभी को बेच दिया है। पेट्रोल और डीजल के दाम को एक सौ से पार कर दिया है। जब हमने गरीबों के लिए काम करना शुरू किया तो हम पर ईडी और सीबीआई का छापे मरवाए। हमें जेल में डाल दिया, लेकिन हम झुकने वालों में से नहीं है।


