...

DD Bar हत्याकांड में पुलिस का एक्शन तेज! 2 और गिरफ्तार, CBI जांच की मांग पर गरमाई सियासत

DD Bar Murder Case

जमशेदपुर: शहर के चर्चित DD Bar हत्याकांड में पुलिस ने जांच तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की तलाश में झारखंड के साथ-साथ बिहार, पश्चिम बंगाल और दिल्ली में लगातार छापेमारी की जा रही है। इस बीच मृतक हिमांशु सिंह के परिजनों और भारतीय जनता पार्टी ने मामले की CBI जांच की मांग तेज कर दी है। दूसरी ओर फरार बार संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर अब 6 जुलाई को सुनवाई होनी है।

मुख्य आरोपी की तलाश में कई राज्यों में छापेमारी
हत्याकांड की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) लगातार मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल की तलाश में जुटा है। पुलिस की पांच टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और झारखंड के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

भाजपा कार्यकर्ता समेत कई लोगों से पूछताछ
जांच के दौरान पुलिस ने बागबेड़ा क्षेत्र से दो से तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, इनमें भाजपा से जुड़े एक युवा कार्यकर्ता का नाम भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के साथ उसके व्यावसायिक संबंध रहे हैं। पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की भी जांच कर रही है। इसके अलावा नामजद आरोपी अमित लोहार के भाई से भी पूछताछ की गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक की जांच में हिरासत में लिए गए लोगों की इस हत्याकांड में प्रत्यक्ष संलिप्तता के प्रमाण नहीं मिले हैं।

अब तक पांच आरोपी हिरासत में
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक तीन नाबालिग समेत कुल पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। इनमें से दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को रिमांड होम भेजा गया है। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

munadi live whattsapp banne.jpg

घायल प्रत्युष सिंह की हालत गंभीर
हत्याकांड में घायल प्रत्युष सिंह का इलाज कोलकाता के अपोलो अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसकी सुरक्षा और सहायता के लिए जमशेदपुर पुलिस के दो अधिकारियों को अस्पताल में तैनात किया गया है। इस मामले में सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल और राज लोहरा को 72 घंटे की रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी, लेकिन पुलिस को उनसे कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं मिली। रिमांड अवधि पूरी होने के बाद दोनों को शनिवार को फिर से जेल भेज दिया गया।

resizone elanza

Telegram channel

फरार आरोपियों के परिजनों से भी पूछताछ
मुख्य आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस उनके परिजनों और करीबी लोगों से भी पूछताछ कर रही है। बागबेड़ा और अन्य क्षेत्रों से हिरासत में लिए गए कुछ परिजनों से दो दिनों तक पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इनमें मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल के मामा, चाचा और अन्य रिश्तेदार भी शामिल थे।

नीरज सिंह की तलाश तेज, 6 जुलाई को जमानत पर सुनवाई
फरार डबल डाउन बार के संचालक और भाजपा नेता नीरज सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। शनिवार देर रात पुलिस ने चांडिल स्थित होटल हवाना में भी तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई और कर्मचारियों से पूछताछ की गई।

CBI जांच की मांग हुई तेज
हिमांशु सिंह के पिता अरविंद सिंह ने कहा है कि वह जल्द ही झारखंड हाईकोर्ट में जनहित याचिका (PIL) दायर कर मामले की CBI जांच की मांग करेंगे। उनका आरोप है कि उनके इकलौते बेटे की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई और अब उन्हें निष्पक्ष जांच एवं न्याय चाहिए।

भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मामले में राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय नहीं मिला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी पूरे झारखंड में आंदोलन करेगी।

जांच कई दिशाओं में जारी
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार कार्रवाई कर रही है। कॉल डिटेल, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। आने वाले दिनों में इस बहुचर्चित हत्याकांड में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *