रांची आर्मी एरिया में महिला मेजर के घर पर हमला, शिशु भी घायल

Crime In Ranchi

Ranchi : रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित दीपाटोली मिलिट्री स्टेशन के आर्मी एरिया में एक महिला सैन्य अधिकारी के आवास पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में महिला मेजर और उनका चार माह का बच्चा घायल हो गए हैं। मामले को लेकर खेलगांव ओपी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है और पुलिस जांच में जुट गई है।

घर में घुसकर मारपीट का आरोप
जानकारी के अनुसार करियप्पा एन्क्लेव स्थित एक सैन्य अधिकारी के आवास पर दो अज्ञात हमलावरों ने कथित रूप से घर में घुसकर हमला किया। प्राथमिकी के मुताबिक, हमलावरों ने महिला अधिकारी के साथ मारपीट की और बच्चे को उनसे छीनकर बाहर फेंक दिया, जिससे शिशु को सिर में चोट आई। महिला अधिकारी के होंठ पर भी चोट लगने की बात कही गई है।

पीड़ित पक्ष के अनुसार घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल महिला अधिकारी और शिशु का चिकित्सकीय परीक्षण सैन्य पॉलिक्लिनिक में कराया जा रहा है।

शाम के वक्त हुई वारदात
दर्ज शिकायत में बताया गया है कि 23 जनवरी की शाम करीब सात बजे महिला मेजर रीना यादव अपने बच्चे के साथ टहलकर घर लौटी थीं। घर पहुंचने के बाद किसी ने बाहर से आवाज लगाई। जैसे ही दरवाजा खोला गया, दो अज्ञात व्यक्तियों ने अचानक हमला कर दिया। शिकायत में यह भी आरोप है कि हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर लाइट बंद कर दी और मारपीट की।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

महिला अधिकारी किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रहीं, जिसके बाद हमलावर भाग निकले।

resizone elanza

देर से दर्ज हुई प्राथमिकी
पीड़ित परिवार की ओर से बताया गया कि 24 जनवरी को शिशु के इलाज में व्यस्त रहने के कारण तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई जा सकी। इसके बाद 25 जनवरी को लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया।

पुलिस जांच में जुटी
खेलगांव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटना की जांच शुरू कर दी है। आर्मी क्षेत्र में हुई इस घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

फिलहाल पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, जबकि सुरक्षा एजेंसियां भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *