रामनवमी जुलूस में हिंसा: हजारीबाग में चाकूबाजी, घायल युवक की मौत

Daru News

दारू थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, मुख्य आरोपी समेत कई गिरफ्तार

हजारीबाग: हजारीबाग के दारू थाना क्षेत्र से रामनवमी के दौरान हुई हिंसा की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जुलूस के दौरान हुए चाकूबाजी कांड में गंभीर रूप से घायल युवक गुलाब कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, घटना बीते 27 मार्च की रात दारू चौक स्थित काली मंडप के पास की है, जहां रामनवमी शोभायात्रा के दौरान मामूली विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। इसी दौरान गुलाब कुमार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल युवक को पहले स्थानीय आरोग्यम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे रिम्स और फिर मेडिका अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद 5 अप्रैल को उनकी मौत हो गई।

इस मामले में दारू थाना में कांड संख्या 20/26 दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आकाश कुमार, विशाल कुमार और मनीष कुमार ने मिलकर गुलाब कुमार को पकड़ा, जबकि करण कुमार ने उस पर चाकू से कई वार किए।

munadi live whattsapp banne.jpg

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी करण कुमार को 4 अप्रैल को निरुद्ध कर संप्रेक्षण गृह भेज दिया है। वहीं आकाश कुमार और विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक विधि-विवादित किशोर को भी निरुद्ध किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

resizone elanza

Telegram channel

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ बैजनाथ प्रसाद, दारू थाना प्रभारी इकबाल हुसैन, पु०अ०नि० मदन मुंडा समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। उनकी तत्परता से सभी आरोपियों की गिरफ्तारी संभव हो सकी।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आस्था और श्रद्धा के पर्वों के दौरान आखिर कब तक इस तरह की हिंसक घटनाएं होती रहेंगी। प्रशासन के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती ऐसे आयोजनों में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *