Durga Puja
tulsyan

मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, 17 सितंबर से शुरुआत

BJP Seva Sankalp Abhiyan Jharkhand

केंद्र की योजनाओं और सरकार की उपलब्धियां जनता तक पहुंचाएगी भाजपा

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर भाजपा झारखंड में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी और यह 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान पार्टी केंद्र सरकार की योजनाओं और मोदी सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर देगी। अभियान की तैयारियों को लेकर रांची के कांके स्थित सुकुरहुटू के हवेली बैंक्वेट हॉल में भाजपा की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।

आदित्य साहू बोले- ईमानदार नेतृत्व से बदल सकती है तस्वीर
कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में गरीब, किसान, महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए शुरू की गई विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में केंद्र सरकार ने समाज के अलग-अलग वर्गों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। आदित्य साहू ने कहा कि अगर देश और राज्य को ईमानदार नेतृत्व मिले, तो विकास की तस्वीर बदली जा सकती है और नरेंद्र मोदी इसका उदाहरण हैं।

बाबूलाल मरांडी ने गिनाईं केंद्र की उपलब्धियां
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मोदी सरकार के कार्यकाल को बेमिसाल बताते हुए झारखंड में हुए विभिन्न विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने साहेबगंज में गंगा नदी पर पुल, एम्स, मेडिकल कॉलेज, रेलवे स्टेशनों के विकास और सड़क निर्माण को केंद्र सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया। एमएमडीआर कानून को लेकर भी बाबूलाल मरांडी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि इस कानून से झारखंड को नुकसान नहीं होगा और केंद्र सरकार राज्य के अधिकारों की रक्षा करेगी। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का आरोप भी लगाया।

shrawani mela

योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करें कार्यकर्ता
भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सिर्फ योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में भी सहयोग करें। अभियान के जरिए संगठन और जनता के बीच संपर्क को और मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।

happy Teacher Day

सितंबर में जिला और मंडल स्तर पर कार्यशाला
प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि 5, 6 और 7 सितंबर को जिला स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद 8, 9 और 10 सितंबर को मंडल स्तर पर कार्यशालाएं होंगी।उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर घर में आशीर्वाद का दीया जलाने समेत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

resizone-elanza
rlifecare

14 कार्यक्रमों के लिए संयोजक नियुक्त
भाजपा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत होने वाले 14 अलग-अलग कार्यक्रमों के संचालन के लिए संयोजक और सहसंयोजक भी नियुक्त किए हैं। पार्टी ने प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। भाजपा का यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा सेवा गतिविधियों के जरिए संगठन की पहुंच को और मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *