रांची सेंट्रल यूनिवर्सिटी में CBI की दबिश, वित्तीय अनियमितता की जांच

Central University Jharkhand

भवन निर्माण फंड और नियुक्तियों से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही जांच टीम

रांची: राजधानी रांची के चेरी मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सीबीआई की टीम आधा दर्जन से अधिक वाहनों के साथ कैंपस पहुंची। वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच को लेकर पहुंचे अधिकारियों ने यूनिवर्सिटी कार्यालय में कई अहम दस्तावेजों की पड़ताल शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, पुराने वित्तीय मामलों को लेकर जांच की जा रही है। खास तौर पर भवन निर्माण फंड के आवंटन और यूनिवर्सिटी में हुई नियुक्तियों से जुड़े रिकॉर्ड को खंगाला जा रहा है। टीम ने कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों के मोबाइल फोन भी अपने पास जमा करवा लिए और सभी को निर्धारित स्थान पर बैठने को कहा।

क्लास चलने के दौरान पहुंची टीम, कैंपस में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि जब सीबीआई की टीम यूनिवर्सिटी पहुंची, उस समय छात्र अपने-अपने कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। अचानक जांच एजेंसी के पहुंचने की खबर फैलते ही कैंपस में हलचल तेज हो गई। अधिकारियों ने दूसरे तल स्थित कार्यालय में दर्जनों फाइलों की जांच शुरू कर दी है।

पहले भी हो चुकी है जांच कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल यूनिवर्सिटी में यह पहली बार नहीं है जब सीबीआई ने दबिश दी हो। इससे पहले भी वित्तीय मामलों को लेकर एजेंसी यहां जांच कर चुकी है। फिलहाल टीम दस्तावेजों की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर तय की जाएगी।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

जांच से जुड़े अधिकारियों ने फिलहाल आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *