डोरंडा से लापता 11 साल की नेहा टोप्पो: सूचना देने वाले को ₹21 हजार इनाम
रांची : राजधानी रांची के डोरंडा थाना क्षेत्र से लापता 11 वर्षीय बच्ची नेहा टोप्पो की तलाश तेज कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची पुलिस ने बच्ची के बारे में सटीक सूचना देने वाले को 21 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि नेहा टोप्पो 4 फरवरी से लापता है। बच्ची मूल रूप से गोड्डा जिला की रहने वाली है, लेकिन वर्तमान में अपने परिजनों के साथ डोरंडा इलाके में रह रही थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला, तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने बच्ची की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है। संभावित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बच्ची की सुरक्षित बरामदगी उनकी प्राथमिकता है।
रांची पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी बच्ची के संबंध में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।



