इंडिगो संकट गहराया, कई उड़ानें रद्द; यात्रियों के लिए रेलवे बना संकटमोचक
रांची: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो का संकट शनिवार को पांचवें दिन भी थमता नजर नहीं आया। तिरुवनंतपुरम, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद सहित कई प्रमुख एयरपोर्ट पर यात्रियों को आज भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द कर दी गईं। हजारों यात्री एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और टिकटों की कीमतें आसमान छू रही हैं। इंडिगो ऑपरेशनल संकट के चलते हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई शहरों में एयरपोर्ट पर अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई है। यात्रियों की बढ़ती परेशानियों के बीच भारतीय रेलवे आगे आया है और राहत के लिए विशेष कदम उठाए हैं।
हैदराबाद और मुंबई में सबसे अधिक असर
हैदराबाद एयरपोर्ट पर शनिवार सुबह 9 बजे तक कुल 69 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिनमें 26 आगमन और 43 प्रस्थान की फ्लाइट शामिल थीं। वहीं मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (MIAL) के अनुसार अब तक 109 उड़ानें रद्द करनी पड़ी हैं।दोनों महानगरों में हजारों यात्री फंसे हुए हैं और लगातार उड़ान रद्द होने की वजह से यात्रियों में रोष बढ़ता जा रहा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर भी संकट जारी
दिल्ली से भी इंडिगो की कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। बेंगलुरु, गोवा, मुंबई, अहमदाबाद, जबलपुर, चेन्नई, विजयवाड़ा और अगरतला जाने वाली फ्लाइट्स पूरी तरह रोक दी गईं। यात्रियों को वैकल्पिक बुकिंग भी बहुत महंगी मिल रही है।
रेलवे बना यात्रियों का सहारा
एयरलाइन संकट के बीच भारतीय रेलवे ने राहत की बड़ी घोषणा की है। फंसे यात्रियों को वैकल्पिक यात्रा सुविधा देने के लिए रेलवे ने 37 ट्रेनों में 116 अतिरिक्त कोच जोड़ दिए हैं। इससे लंबी दूरी की यात्रा के लिए हजारों अतिरिक्त सीट उपलब्ध हो चुकी हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर और भी कोच जोड़े जाएंगे।
यात्रियों की मुश्किलें जारी
इंडिगो की उड़ानें लगातार रद्द होने से पर्यटन, व्यापारिक यात्राओं और मेडिकल इमरजेंसी वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। एयरपोर्ट पर लंबी कतारें, टिकट रिफंड में देरी और वैकल्पिक यात्रा के महंगे विकल्प यात्रियों की चिंता बढ़ा रहे हैं। देशभर में बढ़ते असंतोष के बीच यह संकट कब तक जारी रहेगा, इस पर अभी इंडिगो की ओर से कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है।



