‘धन वर्षा’ और तांत्रिक झांसे का खौफनाक अंत! सिमोन नगर हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

Tantrik scam

हथियार, लूटे गए गहने और अहम सबूत बरामद

रांची: राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित सिमोन नगर, खोरहा टोली में हुए चर्चित रमेश ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार, खून से सना औजार, मृतक के कथित रूप से लूटे गए आभूषण, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद किए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि 22 जुलाई 2026 की रात अज्ञात अपराधियों ने रमेश ठाकुर की हत्या कर दी थी और उनके पास मौजूद आभूषण लेकर फरार हो गए थे। मामले में मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर की लिखित शिकायत पर सदर थाना कांड संख्या 343/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत जांच शुरू की गई।

24 घंटे में गठित टीम ने किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) रांची के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (नगर) के पर्यवेक्षण तथा सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर 24 घंटे के भीतर तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस का दावा: तांत्रिक अनुष्ठान और धन वर्षा के लालच से जुड़ा मामला
रांची पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक कथित रूप से झाड़-फूंक (ओझा-गुनी) का काम करता था और कुछ युवकों के संपर्क में था। पुलिस का दावा है कि मृतक कथित तौर पर आरोपियों को यह विश्वास दिलाता था कि विशेष तांत्रिक प्रक्रिया अपनाने से उन्हें “धन वर्षा” होगी और “परी” से मुलाकात होगी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि काफी समय बीतने के बावजूद ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने घटना वाले दिन मृतक से मिलने की योजना बनाई।

Maa RamPyari Hospital

munadi live whattsapp banne.jpg

हत्या कैसे हुई, पुलिस ने क्या बताया
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन तीनों आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने अपने साथ एक देशी पिस्टल और कारतूस भी रखा था। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पहले मृतक पर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद कथित रूप से पास में रखे लोहे के पिलाश (प्लास) से मृतक के सिर पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस का यह भी दावा है कि हत्या के बाद आरोपी मृतक के पहने हुए आभूषण लेकर फरार हो गए।

resizone elanza

Telegram channel

तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिसमे डोरंडा मिलन चौक निवासी अमित चौधरी, लालपुर मातृका आश्रम, श्रीजन बिल्डकॉम निवासी निरंजन स्वासी उर्फ नीरज एवं पोखर टोली, एवं लोअर बाजार निवासी सचिन कुमार गुप्ता शामिल हैं।

पुलिस ने क्या-क्या किया बरामद
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, हत्या में प्रयुक्त खून लगा पिलाश (प्लास), मृतक के कथित रूप से लूटे गए रोल्ड गोल्ड के आभूषण, खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (JH01CD-9858) और तीन स्मार्टफोननिम्नलिखित सामान बरामद किए गए हैं।

विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस मामले के खुलासे में सदर डीएसपी संजीव बेसरा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई की। टीम में सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक नारायण सिंह, दीपक राणा, अभय कुमार, जमील अंसारी, विकास प्रसाद सहित सदर थाना की पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस जांच जारी
रांची पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *