रांची में खुला ‘पलाश दीदी कैफे’, ग्रामीण महिलाओं के हुनर को मिलेगा नया बाजार; जल्द शुरू होगा पलाश मार्ट
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में किया उद्घाटन
बोलीं- महिलाओं के श्रम, हुनर और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की पहल
रांची: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुक्रवार को रांची स्थित रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय परिसर में ‘पलाश दीदी कैफे’ का उद्घाटन किया। इस मौके पर मंत्री ने कहा कि यह कैफे सिर्फ झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं है, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मंत्री ने कहा कि सरकार ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर और क्षमता के अनुरूप प्रशिक्षण देने के साथ उन्हें ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्थायी रोजगार और स्वरोजगार के अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
‘पलाश’ से ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिल रहा बाजार
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि ‘पलाश’ के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाना है। ग्रामीण क्षेत्रों में तैयार होने वाले खाद्य पदार्थों और अन्य स्थानीय उत्पादों को संगठित बाजार से जोड़कर महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर जोर दिया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि जब महिलाओं के हुनर को बाजार मिलेगा, तो इसका सीधा लाभ ग्रामीण परिवारों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मिलेगा।
सरकारी आयोजनों में ‘पलाश’ उत्पादों को प्राथमिकता
मंत्री ने बताया कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में ‘पलाश’ से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता दिलाने के लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं। इससे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को लगातार ग्राहक और बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही उनके उत्पादों को स्थानीय स्तर से आगे ले जाकर बड़े बाजार तक पहुंचाने का रास्ता भी तैयार होगा।
पूरे झारखंड में विस्तार का लक्ष्य
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करना है। इसके जरिए अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पलाश दीदी कैफे इस अभियान के विस्तार की मजबूत कड़ी है। एक तरफ यहां लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए एक सशक्त मंच तैयार होगा।
अगले चरण में शुरू होगा ‘पलाश मार्ट’
मंत्री ने बताया कि ‘पलाश’ के विस्तार के अगले चरण में ‘पलाश मार्ट’ की शुरुआत की जाएगी। रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह महीनों के भीतर करने का लक्ष्य रखा गया है। पलाश मार्ट के जरिए स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार किए जाने वाले विभिन्न स्थानीय उत्पादों को एक व्यवस्थित और व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की योजना है। इसके अलावा भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द एक और पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा। इससे शहर में आने वाले लोगों तक ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों और झारखंडी व्यंजनों की पहुंच और बढ़ेगी।
‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को मिलेगा बल
मंत्री ने कहा कि राज्य के विभिन्न संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख केंद्रों पर ‘पलाश’ के ऐसे केंद्रों का विस्तार ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे और ‘स्थानीय से वैश्विक’ की परिकल्पना को भी मजबूती मिलेगी। पलाश के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को केवल बाजार उपलब्ध कराने के बजाय उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, पहचान और बिक्री के अवसरों को भी विस्तार देने पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में JSLPS के CEO अनन्य मित्तल, IAS अधिकारी अंजलि यादव सहित JSLPS के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





