Ranchi News: रांची में पहली बार सजेगा फुटबॉल का महाकुंभ, डूरंड कप 2026 की तैयारियां तेज
18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर
रांची: झारखंड की राजधानी रांची पहली बार देश के सबसे प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट डूरंड कप की मेजबानी करने जा रही है। 135वें डूरंड कप का आयोजन 26 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी में किया जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को धुर्वा स्थित एफएफपी बिल्डिंग में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
सचिव ने दिए सख्त निर्देश
पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग के सचिव मुकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में आयोजन की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्होंने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि टूर्नामेंट के आयोजन में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में फायर सेफ्टी, स्टेडियम की ब्रांडिंग, खिलाड़ियों और वीआईपी मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था, आमंत्रण पत्र वितरण, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य जरूरी तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर
मैच के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सचिव ने प्रत्येक मुकाबले के दौरान मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। वहीं पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और यातायात को सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई। रांची नगर निगम को स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
18 जुलाई को निकलेगा ट्रॉफी टूर
डूरंड कप को लेकर लोगों में उत्साह बढ़ाने के लिए भारतीय थल सेना की ओर से 18 जुलाई 2026 को रांची में भव्य ट्रॉफी टूर का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डूरंड कप की ट्रॉफी को शहर के प्रमुख मार्गों से ले जाया जाएगा। इसका उद्देश्य फुटबॉल प्रेमियों और आम नागरिकों को इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट से जोड़ना है।
सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारी
टूर्नामेंट को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग, खेल प्राधिकरण, पर्यटन विभाग, संस्कृति विभाग और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का मानना है कि यह आयोजन झारखंड की खेल संस्कृति को नई पहचान देगा और राज्य के युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
रांची के लिए ऐतिहासिक अवसर
डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और भारत का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट माना जाता है। पहली बार इसकी मेजबानी मिलने से रांची राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराने की ओर बढ़ रहा है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे राज्य में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर फुटबॉल देखने तथा सीखने का अवसर मिलेगा।
बैठक में कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में रांची नगर निगम के नगर आयुक्त सुशांत गौरव, खेल निदेशक छवि रंजन, सेना के नोडल पदाधिकारी कर्नल हेम चंद्रा, मेजर आनंद, ऊर्जा विभाग के कार्यपालक अभियंता जयकांत कुमार, रांची के सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह, झारखंड खेल प्राधिकरण के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।






