...

मोदी का महा रिकॉर्ड: नेहरू को पीछे छोड़ बने सबसे लंबे समय तक रहने वाले निर्वाचित PM, आज NDA की मेगा बैठक

NDA Meeting 2026

इतिहास रचने के बाद एक्शन में मोदी, 22 राज्यों के CM संग NDA की बड़ी बैठक आज

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक दोपहर 3 बजे नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में होगी, जिसमें NDA शासित सभी 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसमें रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे।

कई राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
बैठक में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल समेत NDA शासित राज्यों के प्रमुख नेता शामिल होंगे। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों के वरिष्ठ नेताओं के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है।

विकसित भारत 2047 पर होगा मंथन
सूत्रों के अनुसार, बैठक में केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा की जाएगी। यह सुनिश्चित करने पर विशेष जोर रहेगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके साथ ही ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप की प्रगति पर भी चर्चा होगी। केंद्र सरकार के दीर्घकालिक विजन को आगे बढ़ाने के लिए राज्यों की भूमिका और समन्वय पर भी विचार किया जाएगा।

पश्चिम एशिया संकट और वैश्विक हालात पर चर्चा संभव
बैठक के एजेंडे में अंतरराष्ट्रीय मुद्दे भी शामिल बताए जा रहे हैं। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और उसके वैश्विक प्रभावों पर भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा भारत की आर्थिक, कूटनीतिक और रणनीतिक प्राथमिकताओं पर भी मंथन किया जा सकता है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

विदेश नीति में बदलाव की चर्चा
इस बीच विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मोदी के 12 साल के कार्यकाल को भारत की विदेश नीति में एक बड़ा परिवर्तनकारी दौर बताया है। मंत्रालय के अनुसार, इस दौरान भारत की वैश्विक पहचान और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। विदेश मंत्रालय ने इंटरनेशनल सोलर अलायंस, UPI के वैश्विक विस्तार, विकासशील देशों की आवाज बनने और वैश्विक संकटों के दौरान त्वरित सहायता प्रदान करने जैसी पहलों को मोदी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया है।

resizone elanza

नेहरू का रिकॉर्ड भी टूटा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम दर्ज की है। 10 जून को उन्होंने लगातार 4,399 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए कार्यकाल पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के लगातार 4,398 दिनों के कार्यकाल का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, NDA की यह बैठक केवल सरकार के 12 साल पूरे होने का आयोजन नहीं है, बल्कि आगामी राजनीतिक और विकासात्मक रणनीतियों को लेकर भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *