सुदेश महतो बोले- हेमंत ने ओबीसी व आदिवासियों को धोखा दिया

बड़कागांव में विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन
रामगढ़ : रविवार को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के खेल मैदान में आजसू पार्टी द्वारा बड़कागांव विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुखों का सम्मेलन सह शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन हुआ। इसमें बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के सुप्रीमो केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो, गिरीडीह से पार्टी के सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह बड़कागांव विधायक प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी उपस्थित हुए। इस दौरान सुदेश महतो ने हेमंत सरकार पर बड़ा हमाला बोला। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन ने ओबीसी व आदिवासियों को धोखा दिया है। बेरोजगारों को नौकरी नहीं दी। झारखंड राज्य के आंदोलनकारियों के साथ न्याय नहीं किया। वे चाहें तो अपना घोषणा पत्र उठाकर देख लें कि उन्होंने लोगों से किए अपने कितने वादों को पूरा किया है।

रोशनलाल होंगे बड़कागांव से प्रत्याशीः वहीं, इस सम्मेलन में हजारों चूल्हा प्रमुख पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ा के साथ सभा कार्यक्रम में शामिल हुए। सम्मेलन में आगामी विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही गई। मौके पर कार्यकर्ताओं ने रोशनलाल चौधरी को बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र से विधायक बनाने का संकल्प लिया। पार्टी सुप्रीमो ने भी कार्यकर्ताओं से बड़कागांव ,सीट से विधायक प्रत्याशी रोशनलाल चौधरी की जीत सुनिश्चित कराने को लेकर आह्वान किया। रोशनलाल को लेकर पूरे बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में चुनावी चर्चा का बाजार गर्म हो गया है।
इस सम्मेलन में पूरे बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी चूल्हा प्रमुख को अपने बूथ पर मजबूती प्रदान करने को लेकर निर्देश दिया गया। साथ ही विधानसभा चुनाव की तैयारियों में मजबूती के साथ जुट जाने का निर्देश कार्यकर्ताओं को दिया गया।