रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, एसपी बोले- प्रारंभिक जांच में फर्जी संदेश की आशंका, सुरक्षा बढ़ाई गई
स्पीड पोस्ट से भेजा गया था धमकी भरा पत्र
एहतियात के तौर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
कई राज्यों में मिले हैं ऐसे फर्जी संदेश
रामगढ़: झारखंड के रामगढ़ व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और न्यायालय प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इस मामले में रामगढ़ पुलिस अधीक्षक (एसपी) मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह मामला अफवाह फैलाने या भ्रम उत्पन्न करने की कोशिश प्रतीत होता है। हालांकि पुलिस इसे पूरी गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रही है।
स्पीड पोस्ट से भेजा गया था धमकी भरा पत्र
एसपी मुकेश कुमार लुनायत के अनुसार, धमकी भरा पत्र स्पीड पोस्ट के माध्यम से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम भेजा गया था। यह पत्र बंगला भाषा में लिखा हुआ था। पत्र मिलने के बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था तत्काल बढ़ा दी गई।
डॉग स्क्वॉड और सुरक्षा एजेंसियों ने की जांच
धमकी मिलने के बाद रामगढ़ पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित करते हुए डॉग स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा टीमों के साथ पूरे न्यायालय परिसर की गहन तलाशी ली। एसपी ने बताया कि न्यायालय परिसर को पूरी तरह सैनिटाइज किया गया, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु बरामद नहीं हुई। वर्तमान में न्यायालय परिसर की स्थिति सामान्य है।
एहतियात के तौर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए व्यवहार न्यायालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही सभी पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई राज्यों में मिले हैं ऐसे फर्जी संदेश
एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली है कि इसी प्रकार के धमकी भरे संदेश देश के कई राज्यों में भी भेजे गए हैं। ऐसे मामलों में फर्जी संदेशों के जरिए अफवाह और दहशत फैलाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि रामगढ़ का मामला भी उसी तरह का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है और तकनीकी तथा अन्य माध्यमों से मामले की जांच जारी है।

पुलिस कर रही है गहन जांच
रामगढ़ पुलिस ने कहा है कि धमकी भरे पत्र के स्रोत, उसे भेजने वाले व्यक्ति तथा उसके उद्देश्य का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है और न्यायालय परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है।
रिपोर्ट: मुकेश सिंह, रामगढ़ । मुनादी लाइव






