...

भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर लालखटंगा में आदमकद प्रतिमा का अनावरण

Birsa Munda statue unveiling

राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने अर्पित की श्रद्धांजलि, कहा- बिरसा मुंडा का उलगुलान आने वाली पीढ़ियों को करता रहेगा प्रेरित

रांची: धरती आबा एवं जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को खिजरी विधानसभा क्षेत्र के लालखटंगा पंचायत स्थित रिंग रोड परिसर में उनकी आदमकद प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम की शुरुआत गांव के पहान चरखा पहान एवं प्रकाश मुंडा द्वारा पारंपरिक पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ की गई। पूजा संपन्न होने के बाद भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और समाज के गणमान्य लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उलगुलान का इतिहास आज भी प्रेरणास्रोत: प्रदीप वर्मा
अपने संबोधन में राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि भारतीय इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा और उनके नेतृत्व में चले ‘उलगुलान’ का स्थान अत्यंत गौरवपूर्ण और प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रांताओं और शोषणकारी व्यवस्थाओं के खिलाफ भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का महत्वपूर्ण अध्याय है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन आने वाली पीढ़ियों को अपने पूर्वजों के त्याग, बलिदान और संघर्ष पर गर्व करना सिखाता रहेगा। डॉ. वर्मा ने कहा कि भारत कभी पूरी तरह पराधीन नहीं रहा, क्योंकि देश के विभिन्न हिस्सों में बिरसा मुंडा जैसे महानायक स्वतंत्रता और स्वाभिमान की अलख जगाते रहे।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए समर्पित था जीवन
डॉ. प्रदीप वर्मा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन जल, जंगल और जमीन की रक्षा, सामाजिक न्याय और जनअधिकारों के संरक्षण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जनजातीय समाज को संगठित कर अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्ष केवल आदिवासी समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि यह पूरे देश में स्वतंत्रता, आत्मसम्मान और अधिकारों की चेतना जगाने वाला आंदोलन था। आज भी उनके विचार और राष्ट्रभक्ति समाज को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं।

युवाओं के लिए प्रेरणा केंद्र बनेगी प्रतिमा
राज्यसभा सांसद ने कहा कि लालखटंगा में स्थापित यह आदमकद प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि समाज और विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। यह प्रतिमा नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करेगी। उन्होंने लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात कर समरस, सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

बड़ी संख्या में जुटे लोग
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन लालखटंगा पंचायत की मुखिया पुष्पा तिर्की ने किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस और बलिदान का प्रतीक है, जो सदैव समाज को प्रेरित करता रहेगा। इस अवसर पर पूर्व मुखिया रितेश उरांव, ग्राम प्रधान राजेश टोप्पो, भाजपा जिलाध्यक्ष विनय धीरज महतो, उपमुखिया अजय मुंडा, अनिरुद्ध पाण्डेय, गोपाल चौधरी, संतोष पांडा, वेदांत कौशल, दीपक मुंडा, महादेव मुंडा, गोरखनाथ सिंह, प्रमोद सिंह, लक्ष्मण मुंडा, राजू नायक, समीर राय, सुनील मुंडा, राजेन्द्र ठाकुर, रूपल कच्छप, सविता देवी, सुशील उरांव, मीरा खलखो, सुनीता कश्यप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

resizone elanza

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *