जंतर-मंतर घटना के विरोध में बोकारो में कांग्रेस का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग
बोकारो: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ कथित लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को बोकारो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस्तीफे की मांग की।
छात्रों के समर्थन में उतरी कांग्रेस
धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि नीट पेपर लीक के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित लाठीचार्ज किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी मांग सुनने के बजाय उनके खिलाफ बल प्रयोग किया गया।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
राजेश ठाकुर ने दावा किया कि इस घटना में एक छात्र की मौत हुई है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठा रही है और पार्टी नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री आवास के समक्ष विरोध दर्ज कराया है।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
राजेश ठाकुर ने कहा कि जब तक शिक्षा मंत्री और प्रधानमंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी। धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए और छात्रों के हितों की रक्षा की मांग की।
रिपोर्ट: नीरज सिंह, बोकारो । मुनादी लाइव




