नक्सलियों के ‘शहीद सप्ताह’ को लेकर झारखंड में हाई अलर्ट, सभी जिलों को सतर्क रहने का निर्देश
रांची: प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन द्वारा मनाए जाने वाले ‘शहीद सप्ताह’ को लेकर झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पूरे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस मुख्यालय ने आशंका जताई है कि इस अवधि के दौरान नक्सली सुरक्षा बलों, पुलिस प्रतिष्ठानों और महत्वपूर्ण सरकारी एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए राज्य के सभी एसएसपी और एसपी को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार 28 जुलाई से शुरू होने वाले शहीद सप्ताह के मद्देनजर सभी जिलों में हाई अलर्ट लागू किया गया है।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई जाएगी निगरानी
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। आशंका जताई गई है कि नक्सली रेलवे नेटवर्क, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों सहित अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश कर सकते हैं। इसके मद्देनजर निम्न स्थानों की सुरक्षा विशेष रूप से मजबूत करने को कहा गया है—
- पुलिस थाना, पिकेट और सुरक्षा कैंप
- सीएपीएफ (CAPF) कैंप
- ब्लॉक, अंचल, अनुमंडल एवं जिला कार्यालय
- बैंक और वित्तीय संस्थान
- वन विभाग के कार्यालय और गोदाम
- मोबाइल टावर
- कोल साइडिंग और कोयला डंप
- खनन क्षेत्र
- रेलवे ट्रैक, रेलवे स्टेशन, पुल-पुलिया
- राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्ग
- प्रमुख हाट-बाजार
SOP का पालन करने का निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा बलों को आगाह किया है कि नक्सली पहले भी छोटी घटनाओं के जरिए पुलिस को मौके पर बुलाकर रास्ते में लैंड माइंस या घात लगाकर हमला करते रहे हैं। इसी कारण निर्देश दिया गया है कि किसी भी घटना की सूचना मिलने पर बिना पुष्टि के कार्रवाई न की जाए तथा मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पूरी तरह पालन किया जाए।
पुलिस पोस्ट और कैंप रहेंगे हाई अलर्ट पर
निर्देश में कहा गया है कि सभी संवेदनशील पुलिस पोस्ट, पिकेट और सुरक्षा कैंप हाई अलर्ट पर रहें। इन स्थानों तक जाने वाले मार्गों की पहले जांच और सैनिटाइजेशन किया जाए तथा सुरक्षा बलों की आवाजाही केवल आवश्यक अभियानों तक सीमित रखी जाए।
खुफिया तंत्र मजबूत करने के निर्देश
पुलिस मुख्यालय ने खुफिया तंत्र को और सक्रिय बनाने के साथ-साथ विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) और पुलिस समर्थकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा है। संभावित खतरों का लगातार आकलन करने और स्थानीय स्तर पर सूचना संग्रह बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
रेलवे और निर्माण स्थलों पर विशेष सुरक्षा
रेलवे ट्रैक और संवेदनशील रेल मार्गों की सुरक्षा के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) तथा रेलवे अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। इसके अलावा सड़क, पुल और भवन निर्माण कार्यों में लगी मशीनों एवं वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर रखने तथा अभियान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सादे कपड़ों में घूम सकते हैं नक्सली
पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा एजेंसियों को चेताया है कि नक्सली सादे कपड़ों में छोटे समूहों में घूमकर या धारदार हथियारों के साथ भी हमला कर सकते हैं। इसलिए CRPF, SSB, झारखंड जगुआर, JAP, IRB और जिला पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और सभी जवानों को संभावित नक्सली गतिविधियों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस मुख्यालय की अपील
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि शहीद सप्ताह के दौरान किसी भी संभावित नक्सली साजिश को विफल करने के लिए राज्यभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। सभी जिलों में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।






