tulsyan

रांची में ऑनलाइन निवेश और टास्क के नाम पर 18.68 लाख की साइबर ठगी, तीन अलग-अलग मामले दर्ज

Cyber Fraud

रांची: राजधानी रांची में ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग और ऑनलाइन टास्क के नाम पर साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामले सामने आए हैं। तीनों मामलों में पीड़ितों से 18.68 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है। शिकायत मिलने के बाद रांची साइबर थाना ने विभिन्न आरोपियों और अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 6.11 लाख की ठगी
मोरहाबादी निवासी प्रीति कुमारी ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है कि ऑनलाइन माध्यम से संपर्क कर उन्हें निवेश और ट्रेडिंग में अधिक मुनाफे का लालच दिया गया। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें अलग-अलग बैंक खातों में कई किस्तों में पैसे जमा करने के लिए कहा। विश्वास में लेकर उनसे कुल ₹6.11 लाख ट्रांसफर करा लिए गए। बाद में जब न तो निवेश का लाभ मिला और न ही पैसे वापस हुए, तब उन्हें ठगी का एहसास हुआ। इस मामले में राहुल राजपूत, विशाल अग्निहोत्री समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

निवेश सलाहकार बनकर 9.80 लाख की ठगी
दूसरे मामले में डोरंडा के गौरीशंकर निवासी सुशील कुमार तिवारी ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर ₹9.80 लाख की ठगी का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, खुद को निवेश सलाहकार बताने वाले व्यक्ति ने उन्हें अधिक मुनाफे का भरोसा दिलाया और एक निवेश समूह से जोड़ दिया। इसके बाद अलग-अलग किस्तों में विभिन्न बैंक खातों में कुल ₹9.80 लाख जमा करा लिए गए। पीड़ित का आरोप है कि पैसे जमा कराने के बाद आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।

DAV NANDRAJ

ऑनलाइन टास्क के बहाने युवती से 2.77 लाख की ठगी
तीसरे मामले में बूटी मोड़ स्थित सैनिक कॉलोनी निवासी सोनी कुमारी ने साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें ऑनलाइन टास्क पूरा कर पैसे कमाने का प्रस्ताव दिया गया। शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे करने पर कुछ राशि वापस कर उनका विश्वास जीता गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग किस्तों में कुल ₹2,77,500 जमा करा लिए गए। बाद में न तो पैसा वापस मिला और न ही कथित कंपनी से संपर्क हो सका।

happy Teacher Day

साइबर थाना ने शुरू की जांच
तीनों मामलों में साइबर थाना ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, सोशल मीडिया प्रोफाइल और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और संबंधित खातों एवं डिजिटल ट्रेल के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

resizone-elanza
rlifecare

पुलिस की अपील
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, ट्रेडिंग या टास्क आधारित कमाई के प्रस्ताव पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति या संस्था के कहने पर बैंक खाते में पैसा ट्रांसफर करने से पहले उसकी वैधता की जांच अवश्य करें। यदि साइबर ठगी की आशंका हो तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या निकटतम साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *