रांची में आपसी विवाद में युवक को मारी दो गोली, इलाके में फैली सनसनी

Ranchi Shooting Incident

नामकुम के मौलाना आजाद कॉलोनी के पास हुई फायरिंग, घायल युवक रिम्स में भर्ती

रांची: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के पास एक युवक को अपराधी ने दो गोली मार दी। घायल युवक की पहचान शमशेर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना मौलाना आजाद कॉलोनी गेट के समीप स्थित पप्पू होटल के पास हुई। बताया जा रहा है कि शमशेर वहां कुछ लोगों के साथ बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति के साथ उनका विवाद हुआ और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया।

पिस्टल निकालकर की फायरिंग
स्थानीय लोगों के मुताबिक, विवाद के दौरान आरोपी ने अचानक पिस्टल निकाल ली और शमशेर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली शमशेर को दो जगह लगी, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया।

रिम्स में चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल शमशेर को रिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए हैं। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके।

munadi live whattsapp banne.jpg

आपसी विवाद की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आपसी विवाद से जुड़ा मामला मान रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। इस गोलीकांड के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *