बढ़ती ठंड में हिरणपुर के युवाओं की नेक पहल, घर-घर जाकर जुटा रहे गर्म कपड़े
हिरणपुर: क्षेत्र में बढ़ती कड़ाके की ठंड को देखते हुए हिरणपुर के युवाओं ने इस वर्ष भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए गर्म कपड़ा संग्रह अभियान शुरू कर दिया है। यह पहल विकास दास और चंदन भगत के नेतृत्व में चल रही है, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय युवा सक्रिय रूप से शामिल हो रहे हैं।
युवा टोली घर-घर जाकर पुराने लेकिन उपयोगी गर्म कपड़े एकत्रित कर रही है, जिन्हें बाद में असहाय, गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बीच वितरित किया जाएगा। इस सामाजिक अभियान में रंजन साहा, शुभम दत्ता, पार्थो रूज, भास्कर चक्रवर्ती, सुलभ मंडल, मंजीत दत्ता और हर्मेश साहा सहित कई युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

युवाओं ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण परेशान न हो और समय रहते सभी जरूरतमंदों तक गर्म कपड़े पहुंच सकें। स्थानीय लोगों ने भी युवाओं की इस पहल की सराहना की है और कई परिवारों ने स्वेच्छा से गर्म कपड़े दान किए हैं।
युवाओं का कहना है कि आने वाले दिनों में अभियान को और विस्तृत किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। उनकी यह नेक पहल समाज में सकारात्मक संदेश दे रही है और युवा शक्ति की संवेदनशीलता को भी उजागर कर रही है।





