...

राज्यसभा चुनाव से पहले NDA अलर्ट मोड में, विधायकों की क्लास शुरू

Ranchi News

आदित्य साहू का कांग्रेस पर हमला, बोले- BNR होटल में कौन कर रहा है बैठक?

रांची: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां चरम पर पहुंच गई हैं। मतदान से ठीक पहले एनडीए ने रांची के रेडिशन ब्लू होटल में अपने विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर शक्ति प्रदर्शन किया। इस दौरान विधायकों को राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर विशेष प्रशिक्षण दिया गया, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की तकनीकी या प्रक्रियागत गलती न हो।

मॉक पोल के जरिए समझाई गई वोटिंग प्रक्रिया
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में विधायकों को मॉक पोल के माध्यम से मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई गई। खासकर पहली बार राज्यसभा चुनाव में मतदान करने वाले विधायकों को मतदान नियमों और प्राथमिकता आधारित वोटिंग प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।

एनडीए नेताओं ने दावा किया कि गठबंधन के सभी विधायक पूरी तरह एकजुट हैं और एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी की जीत सुनिश्चित है।

कांग्रेस पर BJP का पलटवार
बैठक के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर होटल राजनीति का आरोप लगाने वाली कांग्रेस को पहले यह बताना चाहिए कि बीएनआर होटल में ठहरे विधायक कौन हैं और वहां किस उद्देश्य से लगातार बैठकें की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले दावा कर रही थी कि उसके विधायक सीधे अपने घरों से मतदान के लिए विधानसभा पहुंचेंगे, लेकिन अब उसके विधायक भी होटल में डेरा डाले हुए हैं।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

“परिमल नाथवानी की जीत तय”
आदित्य साहू ने दावा किया कि एनडीए के सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ परिमल नाथवानी के समर्थन में खड़े हैं और उनकी जीत शत-प्रतिशत सुनिश्चित है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे के कुछ विधायक भी अपनी अंतरात्मा और राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए मतदान कर सकते हैं।

resizone elanza

कांग्रेस के पोलिंग एजेंट पर भी उठाए सवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस द्वारा बाहरी नेताओं को पोलिंग एजेंट बनाए जाने पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को अपने स्थानीय नेताओं पर भरोसा नहीं है, तो यह पार्टी की आंतरिक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रेडिशन ब्लू होटल में मौजूद एनडीए विधायकों का उत्साह और एकजुटता विपक्ष की बेचैनी बढ़ाने के लिए काफी है।

कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, सरयू राय, सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, मनोज यादव, नीरा यादव, राज सिन्हा समेत एनडीए के कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। 18 जून को होने वाले मतदान से पहले दोनों खेमों की सक्रियता ने राज्यसभा चुनाव को बेहद दिलचस्प बना दिया है। अब सभी की निगाहें मतदान और उसके परिणाम पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *