...

राज्यसभा सांसद बनने के बाद बैद्यनाथ राम ने की हेमंत सोरेन से मुलाकात, मिला बधाई संदेश

Baidyanath Ram Rajya Sabha MP

मुख्यमंत्री ने दी बधाई, राज्य के मुद्दों को मजबूती से उठाने की जताई उम्मीद

रांची: झारखंड से नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने गुरुवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बैद्यनाथ राम की जीत को झारखंड की जनता की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलने का अवसर बताते हुए उनके सफल संसदीय कार्यकाल की कामना की।

राज्यसभा में झारखंड की आवाज बुलंद करने की उम्मीद
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि बैद्यनाथ राम संसद के उच्च सदन राज्यसभा में झारखंड की जनभावनाओं, जन अपेक्षाओं और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के हितों की रक्षा और राज्य के विकास के लिए केंद्र स्तर पर प्रभावी पैरवी की आवश्यकता है और उन्हें उम्मीद है कि बैद्यनाथ राम इस जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करेंगे।

WhatsApp Image 2026 06 18 at 22.08.51

बैद्यनाथ राम ने जताया आभार
इस अवसर पर नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्यसभा चुनाव में मिले समर्थन और विश्वास के लिए मुख्यमंत्री सहित गठबंधन नेतृत्व को धन्यवाद दिया। बैद्यनाथ राम ने कहा कि वह राज्य की जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और झारखंड से जुड़े मुद्दों को संसद में प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

कई मंत्री और विधायक रहे मौजूद
मुख्यमंत्री आवास में हुई इस मुलाकात के दौरान राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी मौजूद रहे। इनमें मंत्री हफीजुल हसन, मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो तथा विधायक उमाकांत रजक शामिल थे। राज्यसभा चुनाव में जीत के बाद बैद्यनाथ राम की मुख्यमंत्री से यह पहली औपचारिक मुलाकात थी, जिसे राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *