जमशेदपुर गोलीकांड: मुस्लिम बस्ती में ताबड़तोड़ फायरिंग, गंभीर घायल आफताब को कोलकाता रेफर

Barmamines Firing

13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद, पुलिस कई एंगल से कर रही जांच

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र स्थित मुस्लिम बस्ती में रविवार देर रात हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक आफताब को पहले टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, आफताब के पेट, पीठ और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गोलियां लगी हैं और उसकी हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

घटनास्थल से मिले 13 खोखे, कई राउंड फायरिंग की आशंका
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से 13 खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। बरामद साक्ष्यों से आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की थी। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

दो बाइक पर पहुंचे छह हमलावर, आफताब को बनाया निशाना
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह बदमाश इलाके में पहुंचे और सीधे आफताब को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों का दावा है कि हमलावरों में इलाके के शहबाज मोनू, उदय महतो और अयान शामिल थे। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी के नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है।

Adiwasi Mahotsav

ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार से जोड़कर देखी जा रही घटना
इलाके में इस गोलीकांड को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह हमला ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार और वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम हो सकता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले बस्ती में नशा मुक्ति और ब्राउन शुगर के खिलाफ अभियान चलाया गया था। उनका दावा है कि उसी के प्रतिशोध में अपराधियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने अब तक नशा विरोधी अभियान और गोलीबारी के बीच किसी भी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
बर्मामाइंस थाना पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि गोलीबारी के पीछे की वास्तविक वजह का जल्द खुलासा किया जाएगा और घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

resizone elanza

Telegram channel

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
गोलीबारी की घटना के बाद मुस्लिम बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार हमलावरों की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *