दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि पर ऐतिहासिक आयोजन
नेमरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण
विकास मेला और श्रद्धांजलि कार्यक्रम की तैयारियां पूरी
रामगढ़: झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेता और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को रामगढ़ जिले के बरलंगा स्थित नेमरा गांव में भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शिबू सोरेन की 40 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुंचा दी हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्रशासन ने तैयारियों का लिया जायजा
सोमवार को रामगढ़ उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने नेमरा पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंच, पार्किंग, आगंतुकों की सुविधा, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराया।

विकास मेला और पारितोषिक वितरण भी होगा
शिबू सोरेन की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ विकास मेला सह पारितोषिक वितरण समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी, लाभुकों को परिसंपत्तियों का वितरण तथा विभिन्न विभागों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रामगढ़ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि चुटूपालू घाटी से नेमरा गांव तक विभिन्न स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। पूरे कार्यक्रम क्षेत्र को जोन-1, जोन-2, जोन-3 और जोन-4 में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा गोला डीबीसी चौक से नेमरा के बीच पड़ने वाले सभी प्रमुख फाटकों को यातायात के लिए पूरी तरह साफ और सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पारंपरिक रीति-रिवाज से दी जाएगी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के दौरान शिबू सोरेन के परिवार के सदस्य पारंपरिक सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में रूपी सोरेन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन सहित परिवार के अन्य सदस्य शामिल होंगे। श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए परिवार के सदस्य नाड़ी दरहा स्थित समाधि स्थल भी जाएंगे। इस अवसर को देखते हुए समाधि स्थल तक पहुंचने वाली सड़क का भी निर्माण कराया गया है, जिससे श्रद्धालुओं और आगंतुकों को सुविधा मिल सके।
ऐतिहासिक आयोजन पर पूरे राज्य की नजर
दिशोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड आंदोलन के प्रमुख नेताओं में रहे हैं। उनके सम्मान में नेमरा में स्थापित की जा रही 40 फीट ऊंची प्रतिमा को राज्य के महत्वपूर्ण स्मारकों में शामिल माना जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों से लोगों के पहुंचने की संभावना है।

नेमरा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि समारोह नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन के इतिहास और दिशोम गुरु शिबू सोरेन के योगदान को याद करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। प्रशासन ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं, जबकि राज्यभर से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।






