पलामू पुलिस ने पांकी में पकड़ी ‘मिनी मोबाइल फैक्ट्री’, दो गिरफ्तार

Mini Mobile Factory

Palamu : पलामू जिले के पांकी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से मोबाइल फोन रीफर्बिश्ड कर बाजार में बेचने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और भारी मात्रा में मोबाइल पार्ट्स, तैयार मोबाइल और ई-वेस्ट बरामद किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकल्प कुमार सिंह (30 वर्ष), निवासी खाप सरौना, पांकी थाना क्षेत्र तथा रंजीत कुमार (24 वर्ष), निवासी पांकी के रूप में हुई है।

घर में चल रही थी अवैध मोबाइल असेंबलिंग
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि विकल्प कुमार सिंह के घर में जियो और सैमसंग कंपनी के कीपैड मोबाइल अवैध रूप से तैयार कर बाजार में बेचे जा रहे हैं। सूचना के बाद लेस्लीगंज एसडीपीओ के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई।

घर के प्रथम तल के एक कमरे में बड़ी मात्रा में पुराने मदर बोर्ड, मोबाइल बॉडी, रिपेयरिंग उपकरण और असेंबल किए गए मोबाइल फोन मिले। मौके की स्थिति देखकर पुलिस को यह पूरा सेटअप किसी ‘मिनी मोबाइल फैक्ट्री’ जैसा प्रतीत हुआ।

munadi live whattsapp banne.jpg

पूछताछ में खुला नेटवर्क का राज
पूछताछ के दौरान विकल्प कुमार सिंह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि रंजीत कुमार उसे पुराने मदर बोर्ड, बॉडी, चार्जिंग पिन, माइक्रोफोन आदि उपलब्ध कराता था। वह इन पार्ट्स को रिपेयर और असेंबल कर चालू हालत में मोबाइल तैयार करता और फिर रंजीत को लौटा देता था।

resizone elanza

Telegram channel

इसके बाद पुलिस ने रंजीत कुमार के घर पर भी छापेमारी की, जहां प्लास्टिक के बोरे में पुराने मदर बोर्ड और विभिन्न कंपनियों के मोबाइल डिब्बे बरामद किए गए। डिब्बों में चार्जर और बैट्री रखी हुई थीं। रंजीत भी कोई वैध कागजात नहीं दिखा सका। उसने पूछताछ में बताया कि वह ऑनलाइन कुरियर और फेरीवालों से पुराने पार्ट्स खरीदता था तथा डाल्टनगंज की दुकानों से मोबाइल बॉडी, डिब्बा, चार्जर और बैट्री लेकर मोबाइल तैयार करवाता था।

कॉपीराइट और ट्रेडमार्क उल्लंघन का मामला
पुलिस ने बताया कि जियो और सैमसंग कंपनी के अधिकारियों से संपर्क कर कॉपीराइट अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज कराया जाएगा। इस संबंध में पांकी थाना कांड संख्या 08/2026 (दिनांक 27 जनवरी 2026) दर्ज किया गया है।

आरोपियों के खिलाफ बीएनएस 2023 की विभिन्न धाराओं, ट्रेडमार्क अधिनियम 1999 की धारा 103/104 और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 5 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

छापेमारी टीम में ये अधिकारी थे शामिल
इस कार्रवाई में पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन, पुअनि. रविंद्र साय, अनुप टोपनो, सअनि प्रमोद कुमार राय तथा आरक्षी शंकर राम, अक्षय कुमार रजक, अर्जुन सिंह और अभिषेक कुमार पासवान शामिल थे।

बरामद सामान का विवरण
छापेमारी में कुल सैकड़ों मोबाइल पार्ट्स और तैयार मोबाइल बरामद किए गए, जिनमें जियो और सैमसंग के कीपैड मोबाइल, मदर बोर्ड, बैक कवर, चार्जर, बैट्री, डिब्बे, डिस्प्ले, स्पीकर और ई-वेस्ट सामग्री शामिल है। मौके से सोल्डर मशीन, ब्लोवर, मैग्निफाइंग ग्लास और अन्य तकनीकी उपकरण भी जब्त किए गए।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह लंबे समय से अवैध रूप से मोबाइल तैयार कर बाजार में बेच रहा था। मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *