Jharkhand Ration Card: राशन कार्ड में जाति अपडेट पर लगी रोक, SIR की वजह से सरकार ने लिया फैसला
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक ST, SC, BC-1, BC-2 और PVTG की जाति सूचना अपडेट नहीं होगी
लाभुकों को करना होगा इंतजार
रांची : झारखंड में जन वितरण प्रणाली (PDS) के राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया फिलहाल स्थगित कर दी गई है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने यह फैसला राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) को देखते हुए लिया है। विभाग की ओर से जारी निर्देश के मुताबिक, मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति अद्यतन का काम रोक दिया गया है। इस संबंध में विभाग के सरकार के उप सचिव राम कृष्ण कुमार ने रांची, धनबाद और जमशेदपुर के विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारियों समेत सभी जिलों के जिला आपूर्ति पदाधिकारियों को निर्देश जारी किया है। इसकी प्रतिलिपि सभी उपायुक्तों को भी भेजी गई है।
किन जातियों की जानकारी अपडेट होनी थी?
राशन कार्ड में ST, SC, BC-1, BC-2 और PVTG श्रेणी की जाति संबंधी सूचना अपडेट करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसके लिए लाभुकों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने और राशन कार्ड में संबंधित जानकारी दर्ज कराने की प्रक्रिया के तहत प्रखंड और अंचल कार्यालयों में बड़ी संख्या में आवेदन दिए जा रहे थे। अब विभाग के नए निर्देश के बाद इन आवेदनों के निष्पादन पर भी फिलहाल रोक रहेगी।
SIR के काम में लगे हैं बड़ी संख्या में कर्मचारी
खाद्य विभाग ने अपने निर्देश में बताया है कि राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत नोटिस चरण में प्राप्त दावों और आपत्तियों के सत्यापन का काम चल रहा है। इस प्रक्रिया को पूरा करने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्तों की ओर से विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारियों को निर्वाचन संबंधी कार्यों में लगाया गया है। इसका असर प्रखंड और अंचल कार्यालयों में भी पड़ रहा है। विभाग के अनुसार, बड़ी संख्या में कर्मचारियों के SIR के काम में लगाए जाने के कारण जाति प्रमाण पत्र के लिए प्राप्त आवेदनों का समय पर निष्पादन नहीं हो पा रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए राशन कार्ड में जाति अद्यतन की प्रक्रिया को अस्थायी तौर पर स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
पहले भी जारी हो चुके हैं निर्देश
राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट करने को लेकर खाद्य विभाग पहले भी निर्देश जारी कर चुका है। विभाग की ओर से 1 जुलाई और 28 जुलाई 2026 को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे और प्रक्रिया की निगरानी भी की जा रही थी। हालांकि, अब निर्वाचन विभाग की ओर से जारी निर्देश और SIR की प्राथमिकता को देखते हुए जाति अद्यतन की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।
8 सितंबर के पत्र के बाद बदला फैसला
विभाग के अनुसार, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग के 8 सितंबर 2026 के पत्र के आलोक में यह निर्णय लिया गया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कर्मचारियों की व्यस्तता और सत्यापन कार्य को देखते हुए खाद्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन तक राशन कार्ड में जाति अद्यतन की कार्रवाई स्थगित रखी जाए।
19 अक्टूबर के बाद शुरू हो सकती है प्रक्रिया
SIR के तहत झारखंड की अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने की प्रक्रिया निर्धारित है। ऐसे में राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट कराने की प्रक्रिया को लेकर अब लाभुकों को फिलहाल इंतजार करना होगा। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद विभाग की ओर से आगे के निर्देश जारी किए जा सकते हैं। इसके बाद जाति प्रमाण पत्र और राशन कार्ड में जाति संबंधी जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया फिर से शुरू होने की संभावना है। फिलहाल जिन लाभुकों ने ST, SC, BC-1, BC-2 या PVTG श्रेणी के तहत राशन कार्ड में जाति की जानकारी अपडेट कराने के लिए आवेदन किया है, उनके आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई नहीं होगी। नई प्रक्रिया शुरू होने के संबंध में विभाग के अगले निर्देश का इंतजार करना होगा।
- पितृपक्ष मेला 2026: गयाजी में पिंडदान के लिए बिहार पर्यटन ने जारी किए 5 खास पैकेज, जानें कीमत और सुविधाएं
- ट्यूलिप हॉस्पिटल का लाइसेंस निलंबित, IMA ने उठाए सवाल; डॉक्टर बोले- पहले अस्पताल को मिले अपना पक्ष रखने का मौका
- JPSC-JSSC परीक्षा घोटाले में बड़ा एक्शन! YBN University पहुंची CID, कोचिंग संचालक समेत 2 गिरफ्तार
- बंटी खान की धनबाद में पैदल परेड, फहीम खान के बेटे-दामाद ने की मारपीट; ‘प्रिंस-बंटी अपराधी नहीं आतंकवादी हैं’ का दावा
- सरला बिरला पब्लिक स्कूल में उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया हिंदी दिवस



