mela

झारखंड राज्यसभा चुनाव 2026: सभी 81 विधायकों ने डाला वोट, अब नतीजों का इंतजार

Election 2026

दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में, मुकाबला रहा दिलचस्प

रांची: झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए गुरुवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह 9 बजे शुरू हुई मतदान प्रक्रिया शाम 4 बजे तक चली, जिसमें विधानसभा के सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शत-प्रतिशत मतदान के साथ चुनावी प्रक्रिया का पहला चरण पूरा हो गया है और अब सभी की निगाहें मतगणना पर टिकी हैं।

इस बार राज्यसभा की दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से बैजनाथ राम, कांग्रेस की ओर से प्रणव झा और एनडीए समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी चुनावी मैदान में हैं। इसी वजह से यह चुनाव राजनीतिक गलियारों में लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है।

सुबह से ही विधानसभा परिसर में दिखी राजनीतिक हलचल
मतदान शुरू होने से पहले ही विधानसभा परिसर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई थीं। विभिन्न दलों के विधायक निर्धारित रणनीति के तहत विधानसभा पहुंचे और मतदान प्रक्रिया में शामिल हुए। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए थे। विधानसभा परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

विधानसभा के सचिव एवं निर्वाचन अधिकारी रंजीत कुमार की निगरानी में मतदान प्रक्रिया संचालित की गई। मतदान कक्ष के बाहर पूरे दिन मीडिया और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी रही।

munadi live whattsapp banne.jpg

NDA ने पहले किया मतदान, जीत का जताया भरोसा
एनडीए खेमे के विधायक सबसे पहले मतदान के लिए विधानसभा पहुंचे। भाजपा, आजसू और जदयू के सभी विधायकों ने मतदान किया। एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी भी विधानसभा पहुंचे और जीत का दावा किया। मतदान के बाद भाजपा नेताओं ने कहा कि उन्हें अपनी रणनीति और समर्थन पर पूरा भरोसा है। भाजपा विधायक राज सिन्हा ने कहा कि परिणाम आने के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी और जीत एनडीए की होगी। वहीं जदयू विधायक सरयू राय ने कहा कि उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ मतदान किया है।

resizone elanza

Telegram channel

पूर्वी जमशेदपुर की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी दावा किया कि एनडीए के पास पर्याप्त समर्थन है और परिणाम उनके पक्ष में आएंगे।

sawan-mela

इंडिया गठबंधन ने भी दिखाई एकजुटता
दूसरी ओर इंडिया गठबंधन ने भी एकजुटता का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन, झामुमो, कांग्रेस, राजद और भाकपा माले के विधायक एक साथ विधानसभा पहुंचे और मतदान किया। गठबंधन नेताओं ने मतदान से पहले कई दौर की बैठकें कर विधायकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी थी। मतदान के दौरान सभी विधायकों ने निर्धारित रणनीति के अनुसार अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जयराम महतो के बयान पर बनी रही नजर
राज्यसभा चुनाव के दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो भी चर्चा के केंद्र में रहे। विधानसभा पहुंचने पर उन्होंने कहा कि वह काफी आत्ममंथन करने के बाद मतदान के लिए आए हैं और उम्मीद करते हैं कि जिसे भी उनका वोट मिलेगा, वह झारखंड के हित में कार्य करेगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जाती रहीं, हालांकि मतदान के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

नवीन जायसवाल ने डाला पहला, सुदिव्य सोनू ने अंतिम वोट
मतदान प्रक्रिया के दौरान भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने सबसे पहला वोट डाला। वहीं झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने अंतिम मतदान किया। इस तरह सभी 81 विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित किया।

अब मतगणना पर टिकी हैं निगाहें
मतदान समाप्त होने के बाद अब सबकी नजरें मतगणना पर टिकी हैं। निर्वाचन आयोग की अनुमति मिलने के बाद शाम 5 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। विधानसभा का गणित भले ही इंडिया गठबंधन के पक्ष में दिखाई देता हो, लेकिन तीन उम्मीदवारों के मैदान में होने के कारण मुकाबला रोचक बना हुआ है।

राजनीतिक दलों के दावों और रणनीतियों की असली परीक्षा अब मतगणना में होगी। कुछ ही घंटों में यह साफ हो जाएगा कि राज्यसभा की दोनों सीटों पर जीत किसके खाते में जाती है और क्या चुनाव में कोई बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *