...

राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी बाड़ेबंदी तेज, NDA होटल में तो महागठबंधन CM आवास में करेगा रणनीति बैठक

NDA

18 जून की वोटिंग से पहले दोनों खेमों ने कसी कमर, विधायकों को दिया जाएगा मतदान का प्रशिक्षण

रांची: झारखंड में 18 जून को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर पहुंच गई हैं। दो सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में होने से चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। ऐसे में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने और मतदान प्रक्रिया को लेकर विशेष रणनीति बनाने में जुट गए हैं।

राज्यसभा चुनाव से ठीक पहले दोनों राजनीतिक खेमों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। एक ओर एनडीए समर्थित उम्मीदवार परिमल नाथवानी के समर्थन में विधायक रांची के एक होटल में जुट रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इंडिया गठबंधन ने मुख्यमंत्री आवास में बैठकों का दौर शुरू कर दिया है।

रेडिशन ब्लू होटल में जुटेंगे NDA विधायक
जानकारी के अनुसार, भाजपा समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी परिमल नाथवानी रांची स्थित रेडिशन ब्लू होटल में ठहरे हुए हैं। होटल में एनडीए विधायकों के लिए 30 से अधिक कमरे बुक किए गए हैं। भाजपा और सहयोगी दलों के विधायक लगातार होटल पहुंच रहे हैं। यहां उन्हें राज्यसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की तकनीकी गलती न हो। प्रशिक्षण के बाद मतदान के दिन सभी विधायक सीधे विधानसभा पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

नाथवानी की उम्मीदवारी से बढ़ा चुनावी रोमांच
राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी की एंट्री ने मुकाबले को और रोचक बना दिया है। भाजपा के पास फिलहाल 24 विधायक हैं, जबकि जीत सुनिश्चित करने के लिए नाथवानी को चार अतिरिक्त मतों की जरूरत बताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नाथवानी पूरी रणनीति और सटीक चुनावी गणित के साथ मैदान में उतरे हैं। वहीं कांग्रेस लगातार इस चुनाव को लेकर हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका जता रही है। हालांकि भाजपा इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से कोई टिप्पणी करने से बच रही है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

महागठबंधन ने भी शुरू की तैयारी
इधर इंडिया गठबंधन भी अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुट गया है। गठबंधन के सभी विधायक और प्रमुख नेता 16 और 17 जून को मुख्यमंत्री आवास में एकत्र होंगे। आज मुख्यमंत्री आवास में झामुमो की अहम बैठक आयोजित की जा रही है। इस दौरान विधायकों को मतदान प्रक्रिया का अभ्यास कराने के लिए मॉक पोल भी कराया जाएगा, ताकि वोटिंग के दौरान किसी तरह की गलती की संभावना न रहे।

resizone elanza

मतदान वाले दिन एक साथ पहुंचेंगे विधायक
सूत्रों के मुताबिक, मतदान के दिन महागठबंधन के सभी विधायक पहले मुख्यमंत्री आवास में जुटेंगे और वहां से एक साथ विधानसभा पहुंचकर मतदान करेंगे। गठबंधन नेतृत्व का प्रयास है कि सभी विधायक पूरी तरह समन्वित रहें और किसी तरह की क्रॉस वोटिंग की स्थिति उत्पन्न न हो।

दो सीटों पर तीन उम्मीदवार, बढ़ा सस्पेंस
झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए चुनाव होना है, लेकिन मैदान में तीन उम्मीदवार होने के कारण राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। ऐसे में सभी दल अपने-अपने विधायकों को साधने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। 18 जून को होने वाली वोटिंग से पहले राज्य की राजनीति में बैठकों, रणनीति और चुनावी गणित का दौर लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *