रांची में फिर पेट्रोल अटैक! पंडरा की शराब दुकान में लगाई आग, CCTV में कैद हुआ आरोपी

Ranchi liquor shop arson

RSS कार्यालय पर हमले के बाद राजधानी में दूसरी बड़ी घटना, पुलिस जांच में जुटी

रांची: राजधानी रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम फेंकने की कोशिश के बाद एक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। इस बार पंडरा ओपी क्षेत्र स्थित एक शराब दुकान को निशाना बनाया गया। अज्ञात युवक ने देर रात दुकान के शटर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

स्कूटी से आया, पेट्रोल छिड़का और लगा दी आग
CCTV फुटेज के अनुसार मंगलवार देर रात एक युवक स्कूटी से शराब दुकान के पास पहुंचा। उसने स्कूटी की डिक्की से पेट्रोल से भरी बोतल निकाली और दुकान के शटर के आसपास पेट्रोल छिड़क दिया। पहली बार माचिस जलाने की कोशिश नाकाम रही, लेकिन दूसरी कोशिश में उसने आग लगा दी। देखते ही देखते पेट्रोल ने आग पकड़ ली और लपटें तेजी से फैल गईं।

आरोपी खुद भी आग की चपेट में आने से बचा
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि आग लगते ही लपटें अचानक तेज हो गईं, जिससे आरोपी भी कुछ पल के लिए घबरा गया। हालांकि वह किसी तरह खुद को बचाते हुए स्कूटी तक पहुंचा और मौके से फरार हो गया। घटना के समय आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, जिससे उसकी पहचान करना फिलहाल चुनौती बना हुआ है।

Adiwasi Mahotsav

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही पंडरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पंडरा ओपी प्रभारी विवेक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शराब दुकान संचालक से भी पूछताछ की गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किसी से पूर्व में कोई विवाद तो नहीं था।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

रात्रि गश्ती पर उठ रहे सवाल
लगातार सामने आ रही आगजनी और पेट्रोल हमले जैसी घटनाओं ने राजधानी में पुलिस की रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। RSS कार्यालय पर कथित पेट्रोल बम हमले के अगले ही दिन हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *