JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर बोकारो में JLKM का शक्ति प्रदर्शन: जयराम बोले– छात्रों के न्याय के लिए आंदोलन होगा तेज, जरूरत पड़ी तो रांची कूच करेंगे

JPSC-JSSC-Jairam

छात्र आंदोलन को समर्थन देने का किया ऐलान।

मुख्यमंत्री से छात्रों से संवाद करने की अपील।

बोकारो: झारखंड में JPSC और JSSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन को समर्थन देते हुए झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने मंगलवार को बोकारो जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरना में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए JLKM के केंद्रीय अध्यक्ष एवं डुमरी विधायक जयराम महतो भी बोकारो पहुंचे। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए निष्पक्ष जांच और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की।

रांची आंदोलन को दिया समर्थन
धरना को संबोधित करते हुए जयराम महतो ने कहा कि राजधानी रांची में दिल्ली के जंतर-मंतर की तर्ज पर छात्र JPSC और JSSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। JLKM इस आंदोलन का समर्थन करती है और छात्रों की आवाज को मजबूती देने के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य किसी भी सरकार से बड़ा है और प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता हर हाल में कायम रहनी चाहिए।

CBI जांच की उठाई मांग
जयराम महतो ने कहा कि फिलहाल मामले की जांच CID कर रही है, लेकिन पूर्व के अनुभवों को देखते हुए छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए पूरे प्रकरण की CBI जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, तभी युवाओं को न्याय मिलेगा और प्रतियोगी परीक्षाओं पर उनका भरोसा कायम रहेगा।

Adiwasi Mahotsav

मुख्यमंत्री से छात्रों से संवाद की अपील
JLKM अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे आंदोलनरत छात्रों के साथ सीधे संवाद करें और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनें। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए ताकि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास बहाल हो सके।

happy Teacher Day
happy Teacher Day

“आंदोलन होगा और तेज”
जयराम महतो ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर JLKM के कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में रांची कूच करेंगे और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई को राज्यव्यापी आंदोलन का रूप देंगे।

WhatsApp Image 2026 08 04 at 18.52.55
resizone elanza

Telegram channel

परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग
धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में वर्षों का समय और मेहनत लगाते हैं। ऐसे में यदि परीक्षाओं में किसी प्रकार की अनियमितता की आशंका उत्पन्न होती है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं का आयोजन पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से किया जाए।

बोकारो में आयोजित JLKM का धरना झारखंड की प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर जारी बहस और छात्र आंदोलन का विस्तार माना जा रहा है। हालांकि JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं के संबंध में जांच प्रक्रिया जारी है। ऐसे में जांच एजेंसियों की रिपोर्ट और सरकार के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं।

मुनादी लाइव के लिए बोकारो से नीरज सिंह की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *