...
hemant
Tulsyan

निशा भगत को न्याय के लिए भाजपा एसटी मोर्चा का बड़ा ऐलान, 10 से 18 नवंबर तक आंदोलन

निशा भगत मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा एसटी मोर्चा का आंदोलन

पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने भी उठाई सीबीआई जांच की मांग

रांची: दिवंगत युवा आदिवासी नेत्री निशा भगत को न्याय दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति (एसटी) मोर्चा ने चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सन्नी टोप्पो ने कहा कि निशा भगत का मामला आदिवासी समाज की अस्मिता, सम्मान और न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है और मोर्चा आदिवासी समाज के साथ मिलकर इस मामले में आर-पार की लड़ाई लड़ेगा। सन्नी टोप्पो ने आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि 10 नवंबर को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सभी सात संगठनात्मक जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके अगले दिन 11 नवंबर को आदिवासी महिलाओं की ओर से कैंडल मार्च आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर को सभी संगठनात्मक मंडलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, 18 नवंबर को संपूर्ण दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल बंद का आह्वान किया गया है।

सीबीआई जांच की मांग पर आंदोलन
भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निशा भगत मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करना आंदोलन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को संरक्षण देने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मोर्चा की मांग है कि मामले में सीबीआई जांच की अनुशंसा की जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। सन्नी टोप्पो ने कहा कि जब तक निशा भगत को न्याय नहीं मिलता और मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक एसटी मोर्चा का संघर्ष जारी रहेगा।

7 नवंबर को 595 मंडलों में प्रदर्शन का दावा
सन्नी टोप्पो ने बताया कि इससे पहले 7 नवंबर को राज्य के सभी 595 संगठनात्मक मंडलों में एक साथ प्रदर्शन और पुतला दहन किया गया था। इस दौरान भाजपा एसटी मोर्चा ने निशा भगत मामले की सीबीआई जांच की मांग उठाई थी। उन्होंने कहा कि अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा और दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की जाएगी।

DAV NANDRAJ

पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने भी उठाई सीबीआई जांच की मांग
पूर्व विधायक रामकुमार पाहन ने निशा भगत मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। रामकुमार पाहन के मुताबिक, मामले में किसी भी प्रकार की लीपापोती या पक्षपात की आशंका को समाप्त करने के लिए सीबीआई जांच जरूरी है। उन्होंने कहा कि एसटी मोर्चा आदिवासी समाज के न्याय और अधिकारों की लड़ाई में मजबूती से साथ खड़ा है।

maa-ram-pyari

आदिवासी महिलाओं और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील
भाजपा प्रवक्ता आरती कुजूर ने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने की लड़ाई केवल किसी एक परिवार या संगठन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समाज की बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही और आदिवासी महिलाओं, सामाजिक संगठनों तथा युवाओं से आंदोलन में एकजुट होकर भागीदारी निभाने की अपील की। भाजपा एसटी मोर्चा के नेताओं ने आदिवासी समाज के प्रबुद्धजनों, सामाजिक संगठनों, युवाओं और महिलाओं से आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है। साथ ही 18 नवंबर के प्रस्तावित दक्षिणी छोटानागपुर बंद को शांतिपूर्ण और सफल बनाने का आह्वान किया गया है। प्रेस वार्ता के दौरान अशोक बड़ाईक, पिंकी खोया, रवि मुंडा, रेणु तिर्की और मुकेश भगत समेत अन्य लोग मौजूद रहे। भाजपा एसटी मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि निशा भगत को न्याय दिलाने, मामले की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराने और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Read more: निशा भगत को न्याय के लिए भाजपा एसटी मोर्चा का बड़ा ऐलान, 10 से 18 नवंबर तक आंदोलन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Seraphinite AcceleratorOptimized by Seraphinite Accelerator
Turns on site high speed to be attractive for people and search engines.