गुवा के उप-डाकपाल ने जनता की गाढ़ी कमाई को उड़ाया, ऑनलाइन जुए में हारे 50 लाख रुपए
जनता की बचत योजनाओं के पैसों से खेल रहा था जुआ, डाक निरीक्षक की शिकायत पर हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम (गुवा): झारखंड के गुवा में तैनात एक उप-डाकपाल ने जनता की गाढ़ी कमाई को जुए की लत में बर्बाद कर दिया। गुवा रेलवे मार्केट स्थित डाकघर में पदस्थापित तत्कालीन उप-डाकपाल विकास चंद्र कुईला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डाकघर की विभिन्न बचत योजनाओं में जमा जनता के पैसों में से 50 लाख रुपए से अधिक की फर्जी निकासी की और उसे ऑनलाइन जुए में हार गया। इस पूरे घोटाले का पर्दाफाश डाक निरीक्षक की शिकायत के बाद हुआ।
फर्जी निकासी का खुलासा
जांच में पता चला है कि आरोपी ने 1 फरवरी 2023 से 19 जून 2025 के बीच डाकघर में खाताधारकों के बचत योजनाओं से 50,56,473 रुपए (पचास लाख छप्पन हजार चार सौ तिहत्तर रुपए) की निकासी की। उसने इन पैसों को Delta Exchange और Dhoom-999 जैसे ऑनलाइन जुआ ऐप्स पर लगाया और सारा पैसा गंवा दिया।
डाक निरीक्षक ने दर्ज कराई थी शिकायत
इस पूरे मामले में डाक निरीक्षक सुमन कुमार सामंत ने शिकायत दर्ज करायी थी। इसी आधार पर गुवा थाना में कांड संख्या 34/2025 दर्ज की गई। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
ऑनलाइन और लोकल जुए में उड़ाए पैसे
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी विकास कुईला सिर्फ ऑनलाइन जुआ ही नहीं खेलता था बल्कि स्थानीय जुआ जैसे मुर्गा पाड़ा और हब्बा-डब्बा में भी लाखों रुपए हार चुका है। उसे जुए की ऐसी लत थी कि वह लगातार डाकघर की बचत योजनाओं के खातों से पैसे निकालकर जुए में लगा रहा था।
एसबीआई खाते से हुआ खुलासा
पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने जब आरोपी के State Bank of India (SBI) और डाकघर खातों की जांच की तो भारी मात्रा में संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ। पुलिस ने खातों के ट्रांजैक्शन की डिटेल निकालकर पूरा खेल सामने लाया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी के घर छापेमारी की।
आरोपी की गिरफ्तारी और बरामदगी
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय केरकेट्टा (किरीबुरू) के नेतृत्व में बनी टीम ने टुंगरी स्थित आरोपी के घर छापेमारी की। वहां से आरोपी को उसकी पत्नी और दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से Oppo A57 एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। आरोपी ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया है।
जनता में गुस्सा और अविश्वास
इस घटना के सामने आने के बाद गुवा और आसपास के इलाकों में लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। लोग कह रहे हैं कि जिस डाकघर में उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित रखी, वहीं के अधिकारी ने उनके पैसे से जुआ खेला। ग्रामीणों और खाताधारकों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
डाक विभाग भी करेगा कार्रवाई
डाक विभाग ने आरोपी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बर्खास्तगी की प्रक्रिया चलाई जाएगी और उससे पूरी राशि की वसूली भी की जाएगी। इसके अलावा, जिन खाताधारकों के पैसे गायब हुए हैं, उन्हें विभाग की नीतियों के अनुसार राशि लौटाने की प्रक्रिया भी की जाएगी।
पुलिस की सख्ती, आगे की जांच जारी
पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने साफ कहा है कि इस तरह जनता के पैसों का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस फर्जीवाड़े में कोई और कर्मचारी या बाहरी व्यक्ति शामिल था।








