...

हिमांशु सिंह हत्याकांड पर भाजपा का सरकार पर हमला, अमर कुमार बाउरी बोले- जमशेदपुर बन रहा है ‘चॉपरपुर’

Amar Kumar Bauri

रांची: जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह की हत्या को लेकर झारखंड की राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना को राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था का उदाहरण बताते हुए हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जमशेदपुर अब “चॉपरपुर” बनता जा रहा है, जहां अपराधी खुलेआम चॉपर और धारदार हथियारों से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अमर कुमार बाउरी ने कहा कि हिमांशु सिंह की हत्या पुलिस की मौजूदगी में हुई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो चुका है।

“पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल”
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि जिस प्रकार पुलिस वैन पर बैठे हिमांशु सिंह पर हमला कर उनकी हत्या की गई और इस घटना में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ, उससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि घटना के समय मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच हो तथा दोषी पाए जाने पर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए।

“कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई”
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राज्य में अपराध और नशे का कारोबार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड धीरे-धीरे “उड़ता पंजाब” जैसी स्थिति की ओर बढ़ रहा है, जहां युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा रहा है। बाउरी ने कहा कि राज्य में पुलिस व्यवस्था को राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और ईमानदार अधिकारियों को हाशिये पर धकेला जा रहा है।

बंद की सफलता पर जनता का आभार
भाजपा द्वारा हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में जमशेदपुर और आदित्यपुर में बुलाए गए बंद को सफल बताते हुए अमर कुमार बाउरी ने आम जनता, व्यापारियों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों, मजदूरों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता ने इस बंद के माध्यम से सरकार को यह संदेश दिया है कि वह राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर चिंतित है।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

सरकार से अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
अमर कुमार बाउरी ने कहा कि सरकार इस मामले को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय त्वरित कार्रवाई करे और हिमांशु सिंह हत्याकांड के सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो भाजपा इस मुद्दे को “सड़क से सदन तक” उठाएगी। संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो, रविनाथ किशोर झा तथा दीनदयाल वर्णवाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *