शैक्षणिक विशिष्टता में कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल को झारखंड में तीसरा स्थान, देशभर में 79वीं रैंक
आईआईआरसी की रैंकिंग में मिली उपलब्धि, निदेशक-सह-प्राचार्या परमजीत कौर ने अनुशासन, संकल्प और टीमवर्क को दिया सफलता का श्रेय
रांची: शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल, कांके रोड ने झारखंड में तीसरा और राष्ट्रीय स्तर पर 79वां स्थान हासिल किया है। इंडिया इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग कंसोर्टियम (IIRC) की ओर से देशभर के विभिन्न विद्यालयों के सर्वेक्षण के आधार पर जारी रैंकिंग में विद्यालय को यह उपलब्धि मिली है। इस सम्मान से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
आईआईआरसी की सर्वेक्षण रिपोर्ट के अनुसार, विद्यालय का मूल्यांकन शिक्षा और शैक्षणिक सुविधाओं से जुड़े 18 मानकों पर किया गया। इनमें सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) से युक्त स्मार्ट कक्षाएं, कौशल विकास आधारित प्रयोगशालाएं, विद्यार्थियों की औसत उपस्थिति, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और बोर्ड परीक्षाओं में विद्यालय का प्रदर्शन जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल थे।

इन विभिन्न मानकों पर विद्यालय के प्रदर्शन के आधार पर उसे झारखंड के शीर्ष तीन और देश के शीर्ष 79 विद्यालयों की श्रेणी में स्थान मिला है। यह उपलब्धि विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधुनिक सुविधाओं और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों को रेखांकित करती है।
विद्यालय की निदेशक-सह-प्राचार्या श्रीमती परमजीत कौर ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अनुशासन, संकल्प, सहयोग और आपसी समन्वय के बल पर विद्यालय को यह गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति का परिणाम नहीं, बल्कि विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है।
परमजीत कौर ने बताया कि कैम्ब्रियन पब्लिक स्कूल तीन दशकों से अधिक समय से राज्य के विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों को सीबीएसई के निर्धारित मानकों के अनुरूप प्लस टू स्तर तक शिक्षा प्रदान कर रहा है। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी क्षमता और सामाजिक मूल्यों का विकास करना भी है।
उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थी आज देश और विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं और अपनी प्रतिभा के दम पर अलग-अलग क्षेत्रों में पहचान बना रहे हैं। यह विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस उपलब्धि पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी शिक्षा की गुणवत्ता और उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने की उम्मीद जताई।







