व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, दो नेशनल गार्ड सैनिकों की मौत
संदिग्ध गिरफ्तार, राष्ट्रपति ट्रंप की कड़ी प्रतिक्रिया
मुनादी लाइव डेस्क : अमेरिका की राजधानी में व्हाइट हाउस के बेहद नजदीक बुधवार देर रात गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई, जिसने पूरे देश में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इस हमले में दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मार दी गई। वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने पुष्टि की है कि दोनों सैनिकों की मौत हो चुकी है।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और इलाके को पूरी तरह घेरकर तलाशी शुरू की गई। पुलिस ने मौके से फरार हुए एक संदिग्ध को पकड़ लिया है और उससे पूछताछ जारी है। हमले के कारणों को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन इसे संघीय सुरक्षा तंत्र की बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
घटना कैसे हुई – व्हाइट हाउस के पास मची अफरातफरी
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, दोनों नेशनल गार्ड सैनिक व्हाइट हाउस के पास एक गश्ती ड्यूटी पर तैनात थे। तभी अचानक हमलावर ने उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद दोनों सैनिक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
दमकल दल और आपातकालीन चिकित्सा कर्मियों ने तुरंत उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
स्थानीय पुलिस और सीक्रेट सर्विस ने घटनास्थल को पूरी तरह घेर लिया और आसपास के इलाकों में उच्च स्तरीय अलर्ट जारी कर दिया। घटना स्थल से कई खोखे बरामद किए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने की पुष्टि
वेस्ट वर्जीनिया के गवर्नर पैट्रिक मॉरिसी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा—
“हमारे दो बहादुर नेशनल गार्ड सैनिकों ने अपनी जान गंवा दी है। यह हमला बेहद दुखद और निंदनीय है। हम संघीय एजेंसियों से लगातार संपर्क में हैं।”
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हमलावर के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तीखी प्रतिक्रिया
घटना को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कड़ा बयान दिया। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि जिस व्यक्ति ने हमारे दो नेशनल गार्ड सैनिकों को गोली मारी है, वह भी गंभीर रूप से घायल है। चाहे वह कोई भी हो, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने आगे लिखा कि ईश्वर हमारे महान नेशनल गार्ड,अमेरिकी सेना और कानून-व्यवस्था के लिए समर्पित सभी लोगों को आशीर्वाद दे। हम आपके साथ खड़े हैं। ट्रंप की यह प्रतिक्रिया साफ दर्शाती है कि व्हाइट हाउस और संघीय सुरक्षा एजेंसियां इस हमले को अत्यंत संवेदनशील घटना के रूप में देख रही हैं।

संदिग्ध से पूछताछ जारी, आतंकी एंगल से भी जांच
पुलिस ने जिस संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, उसकी पहचान फिलहाल गोपनीय रखी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हमलावर के पास हथियार और गोला-बारूद मिला है। वह अकेला था या किसी नेटवर्क से जुड़ा था, इसकी जांच जारी है, फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) भी जांच में शामिल हो गई है। आतंकी और घरेलू हिंसा (Domestic Terrorism) के एंगल से भी जांच की जा रही है। व्हाइट हाउस के आसपास इस तरह की घटना अमेरिकी सुरक्षा ढांचे के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
अमेरिका में बढ़ती गोलीबारी की घटनाएँ चिंता का विषय
इसी वर्ष अमेरिका में सार्वजनिक स्थानों, मॉल, धार्मिक स्थलों और स्कूलों में कई गोलीबारी की घटनाएँ सामने आई हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि हथियारों की आसान उपलब्धता और बढ़ती घरेलू हिंसा इन घटनाओं के मुख्य कारण हैं। व्हाइट हाउस के पास हुई यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक बन गई है, क्योंकि यह संवेदनशील क्षेत्र हर पल उच्च सुरक्षा में रहता है।
फिलहाल राजधानी हाई-एलर्ट पर
घटना के बाद व्हाइट हाउस के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है वहीं नेशनल मॉल तक कई रास्ते बंद किए गए साथ ही आसपास के इलाकों में पैदल और वाहन जांच तेज कर दी गई, पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त नेशनल गार्ड तैनात किए गए है। संभावना है कि अमेरिकी प्रशासन अगले 24 घंटों में विस्तृत प्रेस ब्रीफिंग कर सकता है।








