बोकारो से अपह्रत ठेका कर्मी जयंत सिंह की हत्या, गिरिडीह के जंगल से मिला शव

Kidnapping And Murder

Bokaro: बोकारो जिले से अपहृत ठेका कर्मी जयंत कुमार सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। सोमवार को उनका शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जलेबियाघाटी की खाई से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बोकारो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अपने साथ ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

10 दिसंबर की रात हुआ था अपहरण
पुलिस के अनुसार, जयंत कुमार सिंह का अपहरण 10 दिसंबर की रात करीब 10 बजे बोकारो के भागलपुर मोड़ के पास से किया गया था। इस घटना के बाद जयंत की पत्नी अमृता सिंह ने हरला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। एफआईआर में विनोद खोपड़ी समेत अन्य लोगों पर अपहरण का आरोप लगाया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस लगातार छानबीन में जुटी हुई थी।

ओडिशा से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
जांच के दौरान बोकारो पुलिस को अहम सुराग मिला कि मुख्य आरोपी विनोद खोपड़ी ओडिशा में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस की एक विशेष टीम ने ओडिशा में दबिश देकर विनोद खोपड़ी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद जब उससे कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने जयंत कुमार सिंह की हत्या की बात स्वीकार कर ली।

Adiwasi Mahotsav

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ शव
पूछताछ में विनोद खोपड़ी ने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद जयंत का शव गिरिडीह जिले के जंगल में फेंक दिया गया था। इसके बाद बोकारो पुलिस की टीम आरोपी को साथ लेकर गिरिडीह पहुंची। पहले निमियाघाट थाना क्षेत्र में छानबीन की गई, फिर गिरिडीह पुलिस के सहयोग से पीरटांड़ थाना क्षेत्र के जलेबियाघाटी इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। अंततः खाई से जयंत का शव बरामद किया गया।

happy Teacher Day

वाहन खरीद-बिक्री और वर्चस्व बना हत्या की वजह
स्थानीय सूत्रों और प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आ रही है कि जयंत कुमार सिंह और विनोद खोपड़ी के बीच वाहन की खरीद-बिक्री और क्षेत्रीय वर्चस्व को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि फोन पर विवाद बढ़ने के बाद विनोद ने अपने साथियों के साथ मिलकर जयंत का अपहरण किया। अपहरण के बाद जयंत के साथ बेरहमी से मारपीट की गई और अंततः उसकी हत्या कर शव को जलेबियाघाटी की खाई में फेंक दिया गया।

resizone elanza

Telegram channel

पुलिस बोली– जांच जारी, अन्य आरोपियों की तलाश
इस पूरे मामले पर डुमरी के एसडीपीओ सुमित कुमार ने बताया कि बोकारो से अपहृत व्यक्ति का शव गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। शव को बोकारो पुलिस अपने साथ ले गई है और आगे की विस्तृत जानकारी बोकारो पुलिस द्वारा दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

जयंत कुमार सिंह की हत्या ने एक बार फिर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि पूरे मामले का जल्द खुलासा करते हुए सभी दोषियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *