1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर No Cash सिस्टम लागू, खत्म होंगी लंबी कतारें
सरकार की बड़ी तैयारी: देश में जल्द शुरू होगा MLFF टोलिंग सिस्टम
मुनादी Live डेस्क : देशभर के वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 1 अप्रैल से सभी टोल प्लाजा पर कैश लेन पूरी तरह समाप्त कर दी जाएगी। अब टोल भुगतान केवल डिजिटल माध्यम, खासकर FASTag के जरिए ही किया जा सकेगा।
अब तक यह देखने को मिल रहा था कि कई टोल प्लाजा पर FASTag होने के बावजूद लोग कैश लेन का इस्तेमाल कर रहे थे। इससे टोल बूथ पर लंबी-लंबी कतारें लग जाती थीं और यात्रियों का समय बर्बाद होता था। सरकार के नए फैसले के बाद इस समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की उम्मीद है।
कैश लेन हटने से क्या होगा फायदा?
कैश लेन खत्म होने के बाद टोल प्लाजा पर वाहनों की आवाजाही पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी। FASTag के माध्यम से ऑटोमेटिक भुगतान होने से टोल कर्मचारियों और वाहन चालकों के बीच होने वाली देरी भी खत्म होगी। साथ ही ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी।
सरकार का मानना है कि डिजिटल टोलिंग से न केवल ट्रैफिक मैनेजमेंट बेहतर होगा, बल्कि टोल कलेक्शन में पारदर्शिता भी आएगी।
MLFF टोलिंग को लागू करने की तैयारी में सरकार
केंद्र सरकार देश में टोल व्यवस्था को और आधुनिक बनाने के लिए मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग सिस्टम लागू करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसके तहत देशभर के 25 टोल प्लाजाओं पर पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इस सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि टोल प्लाजा पर कोई बैरियर नहीं होगा। वाहन बिना रुके सीधे अपनी लेन से गुजर सकेंगे और टोल शुल्क अपने आप FASTag या अन्य डिजिटल सिस्टम के जरिए कट जाएगा।
MLFF सिस्टम कैसे करेगा काम?
MLFF टोलिंग सिस्टम में हाई-टेक कैमरे और सेंसर लगाए जाएंगे, जो वाहन की पहचान कर लेंगे। जैसे ही वाहन टोल जोन से गुजरेगा, टोल राशि ऑटोमैटिकली वाहन मालिक के अकाउंट से कट जाएगी। इससे न तो रुकने की जरूरत होगी और न ही लाइन में लगने की।
पूरे देश में लागू करने की योजना
सरकार के अनुसार, पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद MLFF टोलिंग सिस्टम को पूरे देश में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इससे हाईवे यात्रा पूरी तरह स्मूद, तेज और तनावमुक्त हो जाएगी।
वाहन चालकों के लिए जरूरी सलाह
- समय रहते अपने वाहन में FASTag एक्टिव कराएं
- FASTag अकाउंट में पर्याप्त बैलेंस रखें
- कैश लेन खत्म होने के बाद डिजिटल भुगतान के लिए तैयार रहें








