जमशेदपुर पुलिस की बड़ी सफलता, अपहृत कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद
हज़ारीबाग : जमशेदपुर से अपहृत कारोबारी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। यह कार्रवाई हजारीबाग–बिहार बॉर्डर के पास की गई, जहां अपहरणकर्ता कारोबारी को ट्रांजिट कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरणकर्ताओं को दबोच लिया और कैरव गांधी को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अपहरण कांड में बिहार के एक बड़े आपराधिक गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। गिरोह द्वारा योजनाबद्ध तरीके से कारोबारी का अपहरण कर उन्हें राज्य की सीमा पार ले जाया जा रहा था, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। हालांकि, समय रहते मिली गुप्त सूचना के आधार पर जमशेदपुर पुलिस ने घेराबंदी कर बड़ी कामयाबी हासिल की।
कैरव गांधी के सकुशल मिलने के बाद उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम सुराग हाथ लगे हैं, जिसके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल, छापेमारी अभियान जारी है और पुलिस अपहरण में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस पूरे अपहरण कांड का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
यह बरामदगी न सिर्फ जमशेदपुर पुलिस के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, बल्कि अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को भी मजबूती प्रदान करती है।






