...

हिमांशु सिंह हत्याकांड: पुलिस को बड़ी सफलता, 2 और नाबालिग गिरफ्तार; मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल अब भी फरार

Karni Sena

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल दो और नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी आदित्यपुर के रहने वाले हैं और उन्हें किशोर न्याय बोर्ड के निर्देश पर रिमांड होम भेज दिया गया है। इस मामले का खुलासा गुरुवार को जिले के नए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने प्रेसवार्ता में किया। उन्होंने बताया कि अब तक इस हत्याकांड में कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।

अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीनों नाबालिगों को रिमांड होम भेज दिया गया है। वहीं, दो अन्य आरोपी सोनू राम सरदार और राज लोहार को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि मामले में अभी भी पांच आरोपी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

2 लाख का इनामी मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
पुलिस के अनुसार, इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है। इसके अलावा बार मालिक, भाजपा नेता नीरज सिंह, बार मैनेजर और अन्य आरोपी भी फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का दावा है कि सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

हत्या में चाकू के साथ कुल्हाड़ी का भी हुआ इस्तेमाल
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हिमांशु सिंह की हत्या में केवल चाकू ही नहीं, बल्कि कुल्हाड़ी का भी इस्तेमाल किया गया था।एसएसपी ने बताया कि एक आरोपी के पास चाकू था, जबकि दूसरे के हाथ में कुल्हाड़ी थी। दोनों हथियारों से हिमांशु सिंह और उनके साथी प्रत्यूष पर ताबड़तोड़ हमला किया गया, जिससे हिमांशु की मौत हो गई, जबकि प्रत्यूष गंभीर रूप से घायल हो गए।

Maa RamPyari Hospital

Telegram channel

बार के भीतर हुआ था विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, घटना से पहले डबल डाउन बार के अंदर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद मुख्य आरोपी विश्वजीत मंडल ने बाहर से अपने साथियों को बुलाया। बार से बाहर निकलते ही आरोपियों ने हिमांशु सिंह और प्रत्यूष पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम में शामिल सभी फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

resizone elanza

लगातार जारी है छापेमारी
एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई हैं, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्य आरोपी समेत सभी फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *