हिमांशु सिंह हत्याकांड पर आदित्यपुर बंद, मेयर संजय सरदार समेत 40 से अधिक भाजपा नेता हिरासत में

Adityapur Bandh

सरायकेला: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विभिन्न हिंदूवादी संगठनों द्वारा गुरुवार को बुलाए गए आदित्यपुर बंद का शहर में मिला-जुला असर देखने को मिला। बंद के दौरान प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 40 से अधिक लोगों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए लोगों में आदित्यपुर नगर निगम के मेयर संजय सरदार, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के जिला अध्यक्ष डॉ. जे.एन. दास समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।

सड़क पर उतरे बंद समर्थक, पुलिस ने की कार्रवाई
सुबह से ही बंद समर्थक आदित्यपुर टोल ब्रिज के समीप एकत्र होकर हिमांशु सिंह के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी सजा देने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बंद को सफल बनाने की कोशिश की। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने तत्काल कार्रवाई की। यातायात बाधित होने की आशंका के बीच पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे पूर्व मेयर संजय सरदार सहित अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आदित्यपुर थाना भेज दिया।

एसपी बोले- कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कार्रवाई
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सरायकेला-खरसावां के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरे क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। एसपी ने कहा कि पुलिस शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करने के अधिकार का सम्मान करती है, लेकिन कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।

Adiwasi Mahotsav

आवागमन सामान्य, कई दुकानों ने रखा स्वैच्छिक बंद
पुलिस की सतर्कता के कारण आदित्यपुर खरकई पुल से गम्हरिया तक टाटा-कांदरा मुख्य सड़क पर यातायात सामान्य बना रहा। हालांकि, हत्याकांड के विरोध में कई स्थानीय व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपनी दुकानें बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया। पूरे क्षेत्र में पुलिस की गश्त जारी है और प्रशासन ने दावा किया है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

happy Teacher Day

हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर जारी है आक्रोश
गौरतलब है कि बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुई हिंसक घटना में करनी सेना के नेता हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पूरे कोल्हान क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। इस घटना को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं और आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है। इसी क्रम में भाजपा और सहयोगी संगठनों ने आदित्यपुर बंद का आह्वान किया था। प्रशासन ने फिलहाल पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *