रांची में बनेगा मॉडल शहरी कॉरिडोर, कांके से प्रोजेक्ट भवन तक हटेगा अतिक्रमण

Ranchi Model Corridor

फुटपाथ, ग्रीन कॉरिडोर और ऑटो स्टैंड का होगा विकास

रांची: राजधानी रांची की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित स्वरूप देने की दिशा में रांची नगर निगम ने एक बड़ी पहल शुरू की है। कांके राम मंदिर से जस्टिस एलपीएन शाहदेव चौक, रातू रोड चौक, हरमू बाइपास होते हुए प्रोजेक्ट भवन, धुर्वा तक पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त, जाम मुक्त, सुरक्षित और हरित मॉडल शहरी कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा। इस संबंध में नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

मॉडल अर्बन कॉरिडोर के रूप में विकसित होगा पूरा मार्ग
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान का उद्देश्य केवल अवैध अतिक्रमण हटाना नहीं है, बल्कि पूरे कॉरिडोर को आधुनिक शहरी मानकों के अनुरूप विकसित करना है। सड़क, फुटपाथ, पार्किंग, ऑटो स्टैंड, वेंडिंग जोन और अन्य सार्वजनिक स्थलों का वैज्ञानिक ढंग से प्रबंधन किया जाएगा ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की समस्या उत्पन्न न हो। इसके लिए अभियान को चरणबद्ध और समयबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।

तीन विशेष टीमें करेंगी निगरानी
पूरे अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए नगर निगम तीन विशेष टीमों का गठन करेगा। ये टीमें अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क, फुटपाथ, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की नियमित निगरानी करेंगी। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि सभी कार्य तय समय-सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।

Adiwasi Mahotsav

फुटपाथ और सड़क का होगा विस्तृत सर्वे
नगर आयुक्त ने अभियंत्रण शाखा को हरमू बाइपास सहित पूरे कॉरिडोर का विस्तृत सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। जहां फुटपाथ उपलब्ध नहीं हैं, वहां नए फुटपाथ बनाए जाएंगे, जबकि जिन स्थानों पर अतिक्रमण के कारण फुटपाथ बाधित हैं, उन्हें तत्काल खाली कराया जाएगा। इसके साथ ही भू-संपदा शाखा को कांके राम मंदिर चौक से प्रोजेक्ट भवन तक सड़क के दोनों किनारों का मापी सर्वे (मेजरमेंट सर्वे) करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सरकारी भूमि पर हुए अवैध कब्जों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

happy Teacher Day

शहर की खूबसूरती बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर
नगर निगम केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे कॉरिडोर के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान देगा। सड़क किनारे वर्टिकल गार्डन विकसित किए जाएंगे, ग्रीन पैच तैयार किए जाएंगे और प्रमुख दीवारों पर आकर्षक वॉल पेंटिंग बनाई जाएगी। इसके अलावा अन्य सौंदर्यीकरण कार्य भी किए जाएंगे, जिससे यह पूरा मार्ग राजधानी की नई पहचान बन सके।

resizone elanza

Telegram channel

नागा बाबा खटाल के पास बनेगा स्थायी ऑटो स्टैंड
बैठक में नागा बाबा खटाल सब्जी मार्केट के समीप नगर निगम की भूमि पर स्थायी ऑटो स्टैंड विकसित करने का भी निर्णय लिया गया। इससे सड़क किनारे अनियमित ऑटो पार्किंग पर रोक लगेगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी। नगर निगम का मानना है कि इससे यात्रियों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी और सड़क पर जाम की समस्या में कमी आएगी।

राजधानी को मिलेगा नया शहरी स्वरूप
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद कांके राम मंदिर से प्रोजेक्ट भवन तक का पूरा मार्ग राजधानी रांची का मॉडल शहरी कॉरिडोर बन जाएगा। इससे न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी, बल्कि सड़क सुरक्षा, नागरिक सुविधाओं, हरित वातावरण और शहर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। यह परियोजना रांची को आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *